Anant Ambani Viral Speech : रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) की शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री हो गई है। कंपनी का शेयर अपने 1119 रुपए के इश्यू प्राइस से 21 प्रतिशत के फायदे के साथ 1358 रुपए पर लिस्ट हुआ है। इस ऐतिहासिक मौके पर जब अनंत अंबानी ने जियो की सफलता की कहानी सबके सामने रखी तो रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी भी भावुक हो गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
अनंत अंबानी की इमोशनल स्पीच और परिवार का आशीर्वाद
इस खास अवसर पर अनंत अंबानी ने कंपनी के सफर और देशवासियों के प्यार को याद करते हुए एक दिल को छू लेने वाली बात कही। उन्होंने साझा किया कि जियो को पूरे देश का आशीर्वाद मिला है। मां ने प्यार से कहा कि जियो मेरे लाल, दादी ने आशीर्वाद दिया-जुग-जुग जियो और दोस्तों ने कहा-जियो यार। अनंत ने कहा कि इस कंपनी को भारत की आम जनता ने मिलकर बनाया है। देश के लोगों के सपनों को सच करना ही उनका असली मकसद है।
मार्केट कैप के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंचा जियो
शानदार लिस्टिंग के दम पर जियो प्लेटफॉर्म्स का कुल मार्केट कैप बढ़कर 12.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है। जियो, रिलायंस के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। वर्तमान में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 16 लाख करोड़ है। भारती एयरटेल का मार्केट कैप 12.20 लाख करोड़ रुपए पर है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने एक और बड़ा ग्लोबल रिकॉर्ड अपने नाम किया है। आईपीओ के समय ही जियो 100 अरब डॉलर से अधिक के मार्केट कैप वाली दुनिया की उन चुनिंदा (चौथी) कंपनियों में शामिल हो गई, जिन्हें उनके संस्थापक खुद चला रहे हैं। इस खास मुकाम के साथ जियो अब मेटा (Meta), अलीबाबा (Alibaba) और एलन मस्क की स्पेसएक्स (SpaceX) जैसी दिग्गज कंपनियों के क्लब में शामिल हुई है।
टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ रिलायंस बना देश का सबसे बड़ा कारोबारी घराना
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बाजार में उतरते बड़ा उलटफेर दिखा है। रिलायंस ग्रुप अब भारत का सबसे बड़ा बिजनेस ग्रुप बन गया है। रिलायंस समूह की सभी लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 28.9 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। इसी के साथ रिलायंस ने 25.6 लाख करोड़ के मार्केट कैप वाले टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ दिया है। अब दोनों समूहों के बीच 3.23 लाख करोड़ रुपए का फासला आ गया है। इस रेस में गौतम अडाणी का अडाणी ग्रुप 16.6 लाख करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर है।
आईपीओ को निवेशकों से मिला था जबरदस्त रिस्पॉन्स
एनएसई (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक 21 से 23 अक्टूबर के बीच खुला यह IPO निवेशकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा। कुल 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
संस्थागत निवेशक (QIB): 70.55 गुना
गैर-संस्थागत निवेशक (NII): 14.00 गुना
रिटेल निवेशक: 2.72 गुना
कुल सब्सक्रिप्शन: 22.19 गुना
लिस्टिंग के बाद निवेशकों के लिए क्या है एक्सपर्ट्स की सलाह?
जानकारों का मानना है कि जिन निवेशकों ने केवल लिस्टिंग गेन यानी तुरंत फायदे के लिए पैसे लगाए थे, उनके लिए लिस्टिंग के दिन ही मुनाफा वसूल लेना एक बेहतर रणनीति होगी। जो लॉन्ग-टर्म निवेशक हैं, वे इस शेयर को पोर्टफोलियो में होल्ड कर रख सकते हैं। जानकारों का अनुमान है कि आने वाले समय में इस शेयर की कीमत 1500 रुपए से 1800 रुपए तक जा सकती है।
नए निवेशकों के लिए क्या करें?
आप लिस्टिंग के बाद इस शेयर में नए सिरे से निवेश करने की सोच रहे तो तुरंत खरीदारी करने से बचें। शुरुआती कारोबार में शेयर में उतार-चढ़ाव दिख सकता है। बेहतर होगा कि शेयर की कीमत में थोड़ी गिरावट आए तो धीरे-धीरे खरीदारी करें। किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले शेयर के दाम, उसकी वैल्यूएशन एवं कंपनी के कामकाज की समीक्षा करें।