Pennsylvania Shooting News : अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य स्थित एरी शहर में शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी से पूरा इलाका सिहर उठा। एक मकान के बाहर अचानक शुरू हुई अंधाधुंध फायरिंग में देखते ही देखते दो महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ दिया। उनके शव सड़क पर पड़े मिले। इसके बाद जब सुरक्षाबल जांच करते हुए मकान के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा बेहद भयावह था। अंदर कई अन्य लोगों के शव पड़े थे। स्थानीय समाचार माध्यमों के अनुसार इस पूरे खूनी खेल में दो मासूम बच्चों समेत 9 लोगों की जान चली गई है। इनमें हमलावर भी शामिल है।

आसपास के लोगों ने पुलिस को दी सूचना

जानकारी के मुताबिक शाम पांच बजे के बाद पेरी स्ट्रीट के 700 ब्लॉक में अचानक गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। घबराए हुए स्थानीय निवासियों ने तुरंत आपातकालीन नंबर पर कॉल करके पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लिए घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बाहर दो महिलाओं की लाशें देखकर स्थिति की नजाकत को समझा गया और पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गई, ताकि हमलावर किसी और को अपना शिकार न बना सके।

सरेंडर करने के लिए पुलिस ने कहा था

हालात को काबू में करने के लिए स्वाट टीम और भारी पुलिस बल ने उस पूरे मकान को घेर लिया, जहां आरोपी के छिपे होने का शक था। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से आरोपी से हथियार डालकर सरेंडर करने को कहा, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसी बीच मकान के अंदर से दोबारा गोली चलने की आवाज आई, जिससे बाहर खड़ी पुलिस की सांसें अटक गईं। इसके तुरंत बाद जब पुलिस टीमें सुरक्षा घेरा बनाते हुए घर के भीतर दाखिल हुईं तो अलग-अलग कमरों में कई और लोगों की लाशें मिलीं।