Azam Khan ED Interrogation News : समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की विशेष टीम आज सुबह लखनऊ से रामपुर जिला जेल पहुंची। ईडी अधिकारियों की गाड़ियां जेल परिसर में दाखिल हुईं। उसके बाद टीम के तीन वरिष्ठ अधिकारी सीधे आजम खान से पूछताछ करने के लिए जेल के भीतर चले गए।
जौहर यूनिवर्सिटी बनाने के लिए पैसे कहां से आए? जांच रही टीम
ईडी की यह पूरी कार्रवाई मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और उससे जुड़ी तमाम कंपनियों व बैंक खातों के बीच हुए पैसों के लेन-देन की गहन जांच के सिलसिले में हो रही है। जांच एजेंसी मुख्य रूप से यह सुराग लगाने में जुटी है कि जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए चंदे (डोनेशन) का पैसा आखिर किन-किन रास्तों और स्रोतों से आया था। इस धन को यूनिवर्सिटी के खातों तक कैसे ट्रांसफर किया गया, इसका सच जानने के लिए ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों व करीबियों से लगातार सवाल-जवाब किए जा रहे हैं और उनके बयानों को उपलब्ध कागजातों से मिलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आजम खान व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम का प्रबंधन देखने वाले सबसे खास सहयोगी सालिम से 2 बार पूछताछ हो चुकी है। इन्हें तीसरी बार समन भेज दिया गया है। एजेंसी की नजरें आजम के एक और करीबी अनवर पर भी हैं। इनसे 14 अक्टूबर को पूछताछ होने की पूरी संभावना है।
अब तक कब-कब क्या हुआ:
19 अगस्त : ईडी की टीमों ने रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में आजम खान, जौहर ट्रस्ट एवं जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित 10 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। यूनिवर्सिटी निर्माण पर हुए खर्च तथा चंदे के पेपर को खंगाला गया।
25 सितंबर : जौहर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (कुलपति) प्रो. जहीरुद्दीन को तलब कर उनसे 8 घंटे तक सवाल किए गए। उनसे ट्रस्ट को मिले दान और निर्माण कार्य में हुए खर्च की पूरी जानकारी ली गई।
30 सितंबर : आजम खान के राइट हैंड माने जाने वाले सालिम को पहली बार पूछताछ के लिए बुलाया गया और यूनिवर्सिटी के वित्तीय लेन-देन पर सवाल पूछे गए।
5 अक्टूबर : आजम खान के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) दीपक गोयल से लंबी पूछताछ हुई। इसमें ट्रस्ट के खातों की बैलेंस शीट और निर्माण खर्च के ऑडिट रिपोर्ट का मिलान किया गया।
6 अक्टूबर : सपा विधायक नसीर अहमद खान से 7 घंटे पूछताछ हुई। उनसे जौहर ट्रस्ट में उनके रोल तथा डोनेशन के बारे में जानकारी मांगी गई।
8 अक्टूबर : खान के सहयोगी सालिम से दूसरी बार पूछताछ हुई। जांच टीम उनके बयानों का मिलान एस एंड ए (S&A) फर्म से बरामद कागजातों के तथ्यों के साथ कर रही।