उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन राशि बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सरकार की योजना मौजूदा 1,000 रुपये प्रतिमाह की पेंशन को बढ़ाकर 1,500 रुपये करने की है। इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसे कैबिनेट के सामने पेश किया जाएगा।
प्रस्ताव के तहत पेंशन बढ़ाने के लिए दिसंबर में संभावित दूसरे अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किया जा सकता है। उम्मीद है कि लाभार्थियों को चालू वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही से बढ़ी हुई पेंशन का लाभ मिलने लगेगा। पेंशन राशि में बढ़ोतरी होने पर लाभार्थियों को सालाना 12,000 रुपये के बजाय 18,000 रुपये मिलेंगे। यानी उन्हें हर साल 6,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
एक लाख युवाओं को नौकरी देने का ऐलान
इससे पहले, उत्तर प्रदेश सरकार रसोइयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का आदेश जारी कर चुकी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की है।
प्रदेश में कितने लाभार्थी?
उत्तर प्रदेश में तीनों पेंशन योजनाओं के तहत 1.21 करोड़ से अधिक लाभार्थी हैं। इनमें 67 लाख से ज्यादा वृद्धावस्था पेंशन, 42 लाख से अधिक निराश्रित महिला पेंशन और 12 लाख से ज्यादा दिव्यांगजन पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने इन तीनों श्रेणियों की पेंशन राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह की थी। अब प्रस्तावित बढ़ोतरी लागू होने पर लाभार्थियों को हर माह 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।