Delhi Kalkaji Gangrape News: दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर इलाका स्थित एक पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक वकील और उनके भाई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना सोमवार शाम की है, जब पीड़िता एक दोस्त के साथ पार्क में बैठी थी। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान हेमंत सिंह, उनके छोटे भाई मुकेश और तीसरे साथी आसिफ के रूप में हुई है। हेमंत दिल्ली के साकेत कोर्ट में वकालत करते हैं। मुकेश बीएससी गणित का छात्र है। दोनों को श्रीनिवासपुरी स्थित उनके घर से पकड़ा गया। तीसरे आरोपी आसिफ को अमर कॉलोनी से पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आसिफ को पैर में गोली मारी गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके पास से हथियार भी बरामद हुआ है।
आरोपियों ने खुद को बताया था पुलिसकर्मी
पुलिस अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि पीड़िता सोमवार शाम एक मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने दोस्त के साथ पार्क के एकांत हिस्से में गई थी। तभी तीनों आरोपी वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर पूछताछ करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के दोस्त के सामने ही उसके साथ दरिंदगी की और फरार हो गए। मंगलवार सुबह पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई।
बंगाल में भी लॉ स्टूडेंट्स पर युवती से दुष्कर्म का लगा था आरोप
कानूनी क्षेत्र या कानून की पढ़ाई से जुड़े युवाओं द्वारा ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते वर्षों में पश्चिम बंगाल में भी ऐसा एक मामला सामने आया था, जहां लॉ के छात्रों पर एक युवती से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा था। कानून की समझ रखने वालों का इस तरह के अपराधों में नाम आना समाज और कानून व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय है।
पिता ने बेटों को फंसाने का बताया साजिश
दूसरी ओर आरोपियों के पिता जेआर धाकड़, जो खुद एक वकील हैं, ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पुलिस सुबह उनके बेटों को बिना जानकारी दिए ले गई और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने इसे बेटों को फंसाने की साजिश बताया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।