Rajyasabha Election 2026 Dates : भारत निर्वाचन आयोग ने आज 5 राज्यों में राज्यसभा की 11 और विधान परिषद की 28 सीटों पर चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र की राजनीति पारा काफी चढ़ गया है। इसी चुनावी प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश मुख्य केंद्र में है। यहां राज्यसभा की 10 और विधान परिषद की 11 सीटों पर नए प्रतिनिधि चुने जाएंगे।
राज्यसभा चुनाव की तारीखें और अहम सीटें
निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राज्यसभा चुनाव की औपचारिक अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अक्तूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 अक्तूबर तक नाम वापस ले सकते हैं। मतदान 16 अक्तूबर की सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी।
इनका कार्यकाल हो रहा समाप्त
राज्यसभा में जिन प्रमुख सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा, उनमें समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, बसपा के रामजी गौतम, भाजपा के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बीएल वर्मा, नीरज शेखर, सीमा द्विवेदी, बृजलाल और चंद्रप्रभा शामिल हैं। इनके अलावा उपराज्यपाल बनने के बाद दिनेश शर्मा के इस्तीफे से खाली सीट पर भी चुनाव होगा।
उत्तराखंड में नरेश बंसल की सीट होगी खाली
उत्तराखंड से भाजपा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा। इस सीट पर चुनाव होगा। वहीं, पश्चिम बंगाल में अप्रैल में चुनी गईं टीएमसी सांसद रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के कारण खाली हुई सीट पर उपचुनाव होना है।
यूपी के सियासी समीकरण
उत्तर प्रदेश में खाली हो रही राज्यसभा की 10 सीटों में से पहले 8 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। 1 सीट पर सपा और 1 पर बसपा का कब्जा था। मौजूदा विधानसभा में विधायकों की संख्या के हिसाब से समीकरण पूरी तरह बदलते दिख रहे। एनडीए के पास 292 विधायक हैं। इस संख्या बल के आधार पर भाजपा आसानी से 7 सीटें जीत सकती है। 8वीं सीट पर भी मजबूत दावा पेश कर सकती है। दूसरी तरफ विपक्षी समाजवादी पार्टी के पास 100 से अधिक विधायक हैं। इससे वह 2 सीटें आसानी से हासिल कर लेगी। इस चुनाव के बाद बसपा का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व शून्य होने की संभावना है। 10वीं सीट के लिए रोचक सियासी मुकाबला दिख सकता है। उत्तराखंड की सीट पर भी भाजपा की जीत तय मानी जा रही।
विधान परिषद चुनाव: 5 राज्यों की 28 सीटें
विधान परिषद की 28 सीटों के लिए 23 अक्तूबर को मतदान कराया जाएगा। 27 अक्तूबर को मतगणना होगी। ये सीटें मुख्य रूप से स्नातक (ग्रेजुएट) और शिक्षक (टीचर) निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इनमें सिर्फ पंजीकृत स्नातक छात्र और शिक्षक वोट डालते हैं।
राज्यवार सीटें
यूपी : 11 सीटें। 6 शिक्षक और 5 स्नातक सीट।
बिहार : 8 सीटें। 4 शिक्षक और 4 स्नातक सीट।
महाराष्ट्र : 5 सीटें। 2 शिक्षक और 3 स्नातक सीट।
कर्नाटक : 4 सीटें। 2 शिक्षक और 2 स्नातक सीट।
उम्मीदवार चयन को लेकर दलों में खींचतान
बिहार में विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर, कर्नाटक में 11 नवंबर, यूपी और महाराष्ट्र में 6 दिसंबर को खत्म हो रहा। सीटों की इस घोषणा के बाद से बिहार और यूपी में उम्मीदवारों के चयन को लेकर दलों में खींचतान शुरू हो चुकी है।