मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशन में हो रही T20 मुंबई लीग में नई टीम की एंट्री हुई है। मुंबई लीग में पहले 8 टीमें हिस्सा लिया करती थीं, लेकिन अब लीग में कुल 9 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। मुंबई लीग में नई फ्रेंचाइजी को 'नवी मुंबई' क्षेत्र की कमान संभालने का मौका मिलेगा। इस नई टीम के आने से कई नए खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा और आसपास के खिलाड़ी भी अपना टैलेंट दिखा पाएंगे।
जानिए नई फ्रेंचाइजी कितने में बिकी
T20 मुंबई लीग में आई नई टीम का नाम 'नवी मुंबई' है। इस नई टीम के ऑपरेटिंग राइट्स 'आस्पेक्ट्स स्पोर्ट्स' ने खरीदे हैं। नवी मुंबई टीम की यह डील अगले 6 सालों के लिए कुल 106.88 करोड़ रुपये में हुई है। इस नई टीम के आने से यह भी पता चलता है कि लीग में लोगों की कितनी दिलचस्पी है। इस टीम को पहले सीजन में 12.21 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस टीम के आने पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने अपनी खुशी जताते हुए कहा, "इस मुंबई T20 लीग में नवी मुंबई जैसी नई टीम का आना और लीग का विस्तार होना हमारे उस सपने का हिस्सा है, जिसके बदौलत हम क्रिकेट को मुंबई के कोने-कोने तक ले जा पाएंगे। नवी मुंबई जैसी 9वीं टीम के जुड़ने से युवा खिलाड़ियों को एक ऐसा प्लेटफॉर्म मिलेगा, जहां वे अपना हुनर आसानी से दिखा पाएंगे।" नई टीम के आने पर गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन राजदीप गुप्ता ने कहा, "इससे टूर्नामेंट और रोमांचक होने के साथ-साथ और मजबूत होगा।"
रोहित, सूर्या और श्रेयस जैसे बड़े चेहरे भी शामिल
T20 मुंबई लीग में भारतीय टीम के बड़े सितारे भी शामिल हैं। 2026 में हुई T20 मुंबई लीग में सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान और तुषार देशपांडे जैसे बड़े खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर लीग की शोभा बढ़ाई। भारत के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान और 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा भी इस लीग के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।
युवाओं को मिलेगा अपना हुनर दिखाने का मौका
T20 मुंबई लीग में नई टीम के शामिल होने से लीग को मजबूती मिली है और इसके साथ ही टूर्नामेंट का रोमांच भी बढ़ गया है। नवी मुंबई टीम के आने से युवा खिलाड़ियों को काफी मौके मिलेंगे, जिससे वे अपना हुनर आसानी से दिखा पाएंगे। पहले सीमित टीमों के कारण कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते थे, लेकिन नई टीम के आने से उन्हें ज्यादा मौके मिलने की उम्मीद है।