भारत एशियाई गेम्स 2026 में अब तक 15 मेडल जीतकर 14वें स्थान पर बना हुआ है। अनंतजीत सिंह नारूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी ने शॉटगन शूटिंग के मिक्स्ड स्कीट टीम इवेंट में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। दोनों ने फाइनल में 48 में से 44 निशाने सटीक लगाए और तीसरा स्थान हासिल किया। आपको बता दें कि भारत के लिए यह पहला मेडल है, जो उसने शॉटगन शूटिंग के मिक्स्ड स्कीट टीम इवेंट में जीता है। भारत ने एशियाई गेम्स के इतिहास में पहली बार इस इवेंट में मेडल अपने नाम किया है।
भारत के लिए एशियाई गेम्स का नया रिकॉर्ड
भारत ने अब तक एशियाई गेम्स के इतिहास में शॉटगन शूटिंग के मिक्स्ड स्कीट टीम इवेंट में कोई मेडल नहीं जीता था। भारत का यह सपना भी गुरुवार को पूरा हुआ। अनंतजीत सिंह नारूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी ने भारत का यह सपना पूरा किया। दोनों खिलाड़ियों ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया।यह भारत का 8वां शूटिंग मेडल है, जिसमें 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इस ब्रॉन्ज मेडल के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 15 हो गई है, जिसमें 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज शामिल हैं। चीन 100 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।
रोशिबिना देवी ने जीता सिल्वर मेडल
महिलाओं के 60 किग्रा सांडा वर्ग में रोशिबिना देवी ने सिल्वर मेडल जीता। फाइनल में चीन की झांग शियाओयू ने रोशिबिना देवी को 2-0 से हराया। इसके साथ ही रोशिबिना ने लगातार तीसरे एशियन गेम्स में मेडल जीतने की उपलब्धि हासिल कर ली है। रोशिबिना देवी भारत की पहली वुशु खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने लगातार तीन एशियन गेम्स में मेडल जीता है। वहीं, रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया।