Shyam Sundar Sharma Latest News : उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता एवं पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा ने फिर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। मथुरा की मांट सीट से लगातार आठ बार विधायक रह चुके श्याम सुंदर ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान औपचारिक रूप से कांग्रेस में वापसी की। उनके साथ आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता प्रियंका कक्कड़ और वरिष्ठ पत्रकार रजत टंडन ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस बड़े घटनाक्रम के बाद ब्रज क्षेत्र और यूपी की राजनीति में नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।
बागबान फिल्म का जिक्र कर दिया बड़ा बयान
पार्टी में शामिल होते ही श्याम सुंदर शर्मा का एक बयान सुर्खियों में आ गया। उन्होंने चर्चित हिंदी फिल्म बागबान का जिक्र करते हुए मुस्कुराते हुए कहा कि फिल्म में पूछा गया था कि यह बुड्ढा किस काम का है, लेकिन आज मैं यह साबित करने आया हूं कि यह बुड्ढा बहुत काम का है। अपनी घर वापसी पर भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि वे एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। अतीत में तिवारी कांग्रेस बनने के समय वे भ्रमवश मुख्य धारा से अलग हो गए थे। उन्होंने आगे कहा कि राजनीति का असली अर्थ जनसेवा है और यह विचार केवल कांग्रेस में ही जीवित है। आज जब हर तरफ जाति और धर्म के नाम पर बंटवारा हो रहा है, तब राहुल गांधी देश के अकेले ऐसे नेता हैं जो मानववाद की बात करते हैं।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार से श्याम सुंदर
श्याम सुंदर शर्मा का राजनीतिक सफर दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1989 में कांग्रेस के टिकट पर मांट विधानसभा क्षेत्र से की थी और पहली बार विधायक बने। इसके बाद वे 1991 और 1993 में भी कांग्रेस के सिंबल पर ही चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। बाद के वर्षों में दल बदलने के बावजूद मांट क्षेत्र की जनता पर उनकी पकड़ मजबूत बनी रही। 2012 में रालोद के जयंत चौधरी से चुनाव हारने के बाद उन्होंने उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की। वर्ष 2017 में वे बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर आठवीं बार विधायक चुने गए। वैसे, 2022 के चुनाव में उन्हें भाजपा के राजेश चौधरी के हाथों 9580 वोटों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
भाजपा का अध्यक्ष बनवाया तो बसपा ने पार्टी से किया बाहर
जिला पंचायत चुनाव में भाजपा का अध्यक्ष बनवाने में उनकी भूमिका को लेकर बसपा ने 18 अक्टूबर 2024 को उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया था। तब से वह किसी भी दल में नहीं थे।
सुरक्षित दिल्ली कांग्रेस ही वापस ला सकती है : प्रियंका
कांग्रेस में शामिल हुई आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि मुझे वही पुरानी दिल्ली वापस चाहिए जहां मैं पली-बढ़ी हूं। एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित दिल्ली और यह बदलाव केवल कांग्रेस ही ला सकती है। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे देश के सबसे प्रामाणिक नेता हैं, जो कैमरों के सामने दिखावे के आंसू नहीं बहाते।
पार्टी सोचकर उठाती है कदम : राजीव
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने यूपी के राजनीतिक परिदृश्य पर बात की। हाल में यूपी में आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले का बचाव करते हुए शुक्ला ने कहा कि पार्टी कोई भी कदम सोच-समझकर उठाती है। पूर्व अध्यक्ष अजय राय का पूरा सम्मान बरकरार रहेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में पार्टी मजबूत रणनीति के साथ उतरेगी और उत्तर प्रदेश में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा।