(By- Anshuman Tripathi) चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया में कथित हेरफेर और गड़बड़ियों को लेकर विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की दिल्ली में आयोजित बैठक में एक जनांदोलन की रणनीति तैयार की गई है। बैठक के बाद कांग्रेस मल्लिकार्जुन खड़गे ने आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि यह आंदोलन कई चरणों में चलाया जाएगा। सभी विपक्षी दलों के संयुक्त रूप से चलाए जाने वाले इस आंदोलन की शुरुआत गांधी जयंती से होगी।
आंदोलन की रूपरेखा
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर देश भर में जिला स्तर पर जिलाध्यक्ष कार्यालयों पर सात दिवसीय धरने-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चलने वाले आंदोलन के इस चरण में ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकाला जाएगा। 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दलों के सांसद दिल्ली में चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। अक्टूबर को दूसरे सप्ताह में इंडिया गठबंधन के सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगेगे। समय मिलने पर राषट्रपति मुर्मू को बताया जाएगा कि मौजूदा सरकार किस तरह से संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण करने का प्रयास कर रही है। इंडिया गठबंधन ने पांच बड़ी रैलियां करने का निर्णय लिया है। जिनमें से पहली रैली 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। अन्य रैलियों के बारे में विवरण बाद में उपलब्ध कराया जाएगा।
चुनाव आयोग कठपुतली बन गया है
इस मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दल लंबे समय से वीएम में गड़बड़ी से लेकर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगते रहे हैं, लेकिन विपक्षी दलों की आयोग ने कभी भी सुनवाई नहीं की है। उन्होंने बताया कि दो चुनाव आयुक्तों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को 14 बार पत्र भी लिखे लेकिन उनको भी कोई जवाब नहीं मिला। खड़गे ने यह भी कहा आगे होने वाले चुनाव में SIR से पहले वाली मतदाता सूची का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। खड़गे ने ये भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की कठपुतली बन कर रह गया है।
लोकतंत्र की रक्षा करेंगेः राहुल गांधी
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक औऱ लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। लोकतंत्र को किसी भी व्यक्ति से बड़ा बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वोटचोरी को लेकर जो तथ्य सामने रखे जाने पर जनजागरूकता देखने को मिल रही है।
ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगाः ममता बनर्जी
वहीं तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी अपने खास तेवर में नज़र आईं। उन्होंने दहाड़ते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। उन्होंने चुनाव आयोग पर मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की चोरी की गई है। पश्चिम बंगाल में 92 लाख वोटों की हेराफेरी हुई, पूरे देश में 13 करोड़ वोटरों से मतदान का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने बंगाल में 4000 से ज्यादा ईवीएम जलाए जाने का मुद्दा उठाया और सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया। साथ ही इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मामलों पर जल्द सुनवाई की अपील दायर करने का भी फैसला किया है।