दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की मेगा रैली आयोजित की जा रही है। चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दल इस रैली के जरिए अपना विरोध दर्ज कराएंगे। गठबंधन की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य विपक्षी नेताओं के इसमें शामिल होने की उम्मीद है। अलग-अलग राज्यों से पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी दिल्ली पहुंच रहे हैं। 

मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक निकलेगा मार्च

रैली से पहले INDIA गठबंधन की ओर से 'चलो दिल्ली' मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च दोपहर करीब 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद मैदान में जनसभा होगी, जिसके लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय तय किया गया है। इस प्रदर्शन में केवल गठबंधन के राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि छात्रों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और नागरिक समाज के संगठनों को भी शामिल होने का न्योता दिया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कई छात्र संगठनों ने भी रैली को समर्थन देने की घोषणा की है। 

10 लाख लोगों के जुटने का दावा, पुलिस का अलग अनुमान

INDIA गठबंधन के नेताओं का दावा है कि रैली में देशभर से करीब 10 लाख लोग जुट सकते हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने आयोजन के लिए लगभग 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया है। अधिकारियों के मुताबिक, रामलीला मैदान में खाली जगह होने पर 45 से 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है, लेकिन मंच, कुर्सियों और आने-जाने के रास्तों के इंतजाम के बाद यह क्षमता घटकर करीब 30 से 40 हजार रह सकती है। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। 

10 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती

रैली को देखते हुए मध्य दिल्ली में करीब 10 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू करने की तैयारी की है। नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट और आईटीओ ए-प्वाइंट समेत करीब 10 स्थानों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। 

SIR और चुनाव आयोग की भूमिका पर विपक्ष के सवाल

INDIA गठबंधन का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने की आशंका है। विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। राहुल गांधी ने रैली को लेकर कहा है कि इसमें राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, पत्रकारों और नागरिक समाज के लोगों को भी शामिल होना चाहिए। विपक्ष इस मुद्दे को मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जोड़कर उठा रहा है। 

बीजेपी ने भी विपक्ष की रैली पर साधा निशाना

INDIA गठबंधन की रैली को लेकर बीजेपी नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं। बीजेपी प्रवक्ताओं ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में अपने फैसले को सर्वसम्मत बताया है। पार्टी नेताओं ने रैली को विपक्ष की राजनीतिक प्रतिक्रिया करार दिया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रैली की तारीख पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान दिल्ली के बाजारों में कारोबार प्रभावित हो सकता है। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी आयोजन के समय और स्थान को लेकर आपत्ति जताई है। रामलीला मैदान में रैली के लिए मंच और बैठने की व्यवस्था तैयार है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि विपक्ष की इस लामबंदी में कितनी भीड़ जुटती है और चुनाव आयोग को लेकर उठाए गए सवालों पर राजनीतिक बहस किस दिशा में आगे बढ़ती है।