गर्मियों में लोगों को आइसक्रीम खाना बेहद पसंद होता है। चिलचिलाती गर्मी में आइसक्रीम मिल जाए तो इससे बेहतर और क्या हो सकता है। आइसक्रीम खाने से न सिर्फ मन को शांति मिलती है, बल्कि इसके कई ऐसे फायदे भी हैं जिनके बारे में शायद ही आपको पता होगा। कुछ लोग आइसक्रीम खाना तो चाहते हैं, लेकिन इस गिल्ट की वजह से नहीं खा पाते कि ये उनके लिए अनहेल्दी है। ऐसे में हम आपको आइसक्रीम के ऐसे 5 फायदे बताएंगे, जिसके बाद आप खुद को आइसक्रीम खाने से कभी नहीं रोकेंगे। 

मिलेगी इंस्टेंट एनर्जी 

गर्मी में थकान ज्यादा महसूस होती है। इंसान छोटे-छोटे काम के बाद खुद को बेहद थका हुआ पाता है। ऐसे में आइसक्रीम खाकर आप इंस्टेंट एनर्जी हासिल कर सकते हैं। आइसक्रीम में चीनी मौजूद रहती है, जिसमें ग्लूकोज होता है और ये आपको ऊर्जा देता है। यानी आइसक्रीम खाकर आप गर्मियों में चुस्त महसूस कर सकते हैं। 

दर्द से छुटकारा 

आइसक्रीम का सबसे बड़ा गुण यही होता है कि ये आपको दर्द से छुटकारा दिला सकती है। आपने अक्सर देखा होगा कि जब भी दांत में दर्द होता है, तो डॉक्टर मरीज को आइसक्रीम खाने की सलाह देते हैं। इसके अलावा जब पेट में गर्मी के कारण मुंह में छाले हो जाते हैं तब भी आइसक्रीम रहत देने में काफी काम आती है। 

आइसक्रीम से मिलेगा कैल्शियम 

कैल्शियम हर किसी के लिए बेहद जरूरी है। कैल्शियम से दांत और हड्डियां मजबूत होती हैं। वहीं, आइसक्रीम दूध से बनाई जाती हैं, जिससे हमें कैल्शियम मिलता है। यानी आइसक्रीम खाने से आपके दांत और हड्डियां कैल्शियम की अच्छी मात्रा पाकर मजबूत बन सकते हैं। यानी आपको स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी मिलता है। 

मूड बनेगा खुशनुमा 

आपने अक्सर देखा होगा कि पीरियड्स में अक्सर महिलाएं आइसक्रीम खाना पसंद करती हैं। इसके पीछे एक खास कारण होता है। दरअसल, आइसक्रीम से सेरोटोनिन हार्मोन बनते हैं और ये हमारे मूड, नींद और पाचन को बेहतर करने में मदद करते हैं। आइसक्रीम खाकर आपके पेट की समस्याएं दूर होंगी, नींद अच्छी आएगी और गुस्सा भी शांत होगा। आइसक्रीम बुरे वक्त में अच्छा महसूस करवाने की क्षमता रखती है।