अक्सर लोग छिपकली से तंग आ जाते यहां। कभी बाथरूम में तो कभी बेडरूम में छिपकली देखकर किसी का भी दिमाग खराब हो सकता है। वहीं, बालकनी पर तो मानो छिपकलियों का कब्जा ही देखने को मिलता है। कई बार तो इंसान अपनी पसंद की जगह पर इन छिपकलियों की वजह से टाइम स्पेंड भी नहीं कर पाते और वो घर जहां सुकून चाहिए होता है, वहां चिड़चिड़ापन महसूस होने लगता है। अगर आप भी ऐसी ही किसी समस्या से जूझ रहे हैं तो हमारे पास 5 ऐसे तरीके हैं, जो आपको छिपकली से छुटकारा दिला सकते हैं।
खिड़कियों या बालकनी को करें जाली बंद
अक्सर खिड़कियों या बालकनी के जरिए ही छिपकली घर में एंट्री लेती है। लोग हवा के चक्कर में खिड़की या बालकनी खुली रखते हैं और बाहर से छिपकली घर के अंदर घुस जाती है। ऐसे में सबसे जरूरी यही है कि आप ये रास्ता ही बंद कर दें। इसके लिए आप खिड़की पर जाली लगवा सकते हैं ताकि अगर खिड़की खुली भी रहे, तो सिर्फ हवा ही अंदर आ सकें और छिपकली बाहर ही रह जाए। बालकनी को भी जाली या नेट से कवर किया जा सकता है।
नकली छिपकली का सहारा
एक और तरीका है जिससे छिपकली आपके घर से दूर रहेगी। आप नकली छिपकलियां लेकर दीवार पर चिपका सकते हैं। इससे असली छिपकली डर कर भाग जाएगी। दरअसल, नकली जानवर या जीव-जंतु को देखकर असली वाले घबरा जाते हैं। तो आप ये नुस्खा भी अपना सकते हैं।
पेपरमिंट और प्याज जैसी चीजों से भागेगी छिपकली
छिपकली को तेज सुगंध वाली चीजों से आसानी से भगाया जा सकता है। अगर आप प्याज, लहसुन, कपूर, धूपबत्ती या तेजपत्ता घर में खुला रख देते हैं तो छिपकली फौरन भाग जाती है। इसके अलावा आप पुदीने को पीसकर भी इसका स्प्रे घर में छिड़क सकते हैं। इस छिड़काव से छिपकली घर छोड़कर भागने पर मजबूर हो जाएगी।
नमी वाली जगह का रखें ध्यान
आपने अक्सर देखा होगा कि गर्मियों में छिपकली नमी वाली जगह पर सबसे ज्यादा दिखाई देती है। जहां भी पानी की वजह से ठंडक होती है वो वहीं बैठ जाती है। साथ ही सर्दियों में अक्सर गर्म या बंद जगह पर छिप जाती है। ऐसे में आपको अपने घर के नमी वाले हिस्से को ठीक करना चाहिए।
खुला न रखें खाना
किचन में भी छिपकली का अड्डा देखने को मिलता है। या तो गंदगी या फिर खाने के आस-पास छिपकली सबसे ज्यादा मंडराती है। दरअसल, खाने की खुशबू आते ही छिपकली वहां पहुंच जाती है और जैसी ही मौका मिलता है उस जगह पर कब्जा कर लेती है। खाना खुला रखने से खतरा भी बढ़ सकता है क्योंकि अगर छिपकली ने खाना झूठा कर दिया और वो किसी इंसान ने खा लिया, तो उसकी सेहत बिगड़ सकती है।