Surendranagar Gym Blackmail News : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में जिम के जरिए युवतियों के शोषण और ब्लैकमेलिंग की घटना के बाद अब गुजरात से भी ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राज्य के सुरेंद्रनगर जिले में फिटनेस सेंटर की आड़ में महिलाओं की प्राइवेसी पर हमला करने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। शहर में स्थित क्लब 71 जिम के संचालक पर आरोप लगा है कि उसने चेंजिंग रूम में छुपकर 100 से अधिक महिलाओं एवं युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए और बाद में उन्हें डरा-धमकाकर ब्लैकमेल किया।
कानूनी दांव-पेच का सहारा लेकर बनाया खौफनाक प्लान
पुलिस के अनुसार आरोपी संचालक आमीन यासीन मुल्तानी पेशे से एलएलबी पास है। उसने इस गैर-कानूनी काम को अंजाम देने के लिए बेहद शातिराना रास्ता चुना। खुद कानूनी शिकंजे से बचने के लिए उसने अपने मोबाइल का इस्तेमाल न कर जिम में काम करने वाली रिसेप्शनिस्ट के फोन का उपयोग किया। रिसेप्शनिस्ट के मोबाइल से महिलाओं को चेंजिंग रूम के अश्लील फुटेज के मैसेज भेजे जाते थे। उन पर यासीन मुल्तानी के साथ जान-पहचान और नजदीकी बढ़ाने का दबाव बनाया जाता था।
पुलिस का छापा और दो सेंटर सील
गुप्त सूचना और शिकायतों के आधार पर सुरेंद्रनगर पुलिस प्रशासन ने क्लब 71 के दोनों जिमों पर छापेमारी की। जांच में नियमों के उल्लंघन और बिना वैध अनुमति के संचालन पाए जाने पर नगर पालिका की मौजूदगी में दोनों सेंटरों को तुरंत सील कर दिया गया। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज, पेन ड्राइव और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं और मामले की विस्तृत फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
अन्य राज्यों के प्रमुख मामले
फिटनेस सेंटरों और जिम में हिडन कैमरे लगाकर या अनुचित तरीके से वीडियो बनाकर महिलाओं को ब्लैकमेल करने के मामले देश के कई अन्य राज्यों में भी सामने आ चुके हैं।
उत्तर प्रदेश : मिर्जापुर में KGN जिम के संचालक और उसके साथियों पर युवतियों से दोस्ती कर आपत्तिजनक फोटो/ वीडियो बनाने, ब्लैकमेल करने और धर्म बदलाव का दबाव बनाने का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चार जिम सील किए थे। बरेली में भी जिम संचालक द्वारा एक महिला डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये ऐंठने की कोशिश का मामला दर्ज हुआ था।
राजस्थान : अजमेर जिले के किशनगढ़ में एक जिम ट्रेनर द्वारा हिडन कैमरों की मदद से जिम आने वाली महिलाओं के गुप्त वीडियो बनाने और उन्हें ब्लैकमेल करने का खुलासा हुआ था। आरोपी के मोबाइल और डीवीआर से आपत्तिजनक फुटेज जब्त किए गए थे।
कर्नाटक : कर्नाटक के दवणगेरे में एक जिम ट्रेनर (इस्मैल) पर चेंजिंग रूम में सीक्रेट रिकॉर्डिंग कर युवतियों को ब्लैकमेल करने और यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की। इसी तरह हुबली में भी जिम ट्रेनर द्वारा युवती को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया था।