CJP Mumbai Protest News : देश की राजधानी दिल्ली और मुंबई में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में विपक्षी दलों, छात्र संगठनों और आम नागरिकों ने जमकर नारेबाजी की। दिल्ली में करीब 500 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए हैं। 

मुंबई के शिवाजी पार्क में जुटा जनसैलाब

मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अगुवाई में विरोध जताया गया। पार्क और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। काफी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। प्रदर्शन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज और अभिनेता नसीरुद्दीन शाह जैसे प्रमुख लोग भी पहुंचे। इस दौरान गुजरात से आया एक युवा चर्चा का केंद्र बना, जिसने बताया कि माता-पिता के मना करने के बावजूद वह घर से भागकर इस आंदोलन का हिस्सा बनने मुंबई आया है। CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी फिर न्याय के लिए सड़कों पर उतर आई है। जिस तरह इससे पहले धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए देश का युवा एकजुट हुआ था, ठीक वैसा ही माहौल आज ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बन चुका है। उन्होंने मुंबई के सभी नागरिकों से इस प्रदर्शन में जुड़ने की अपील की।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी (AAP), वामपंथी दलों, कांग्रेस नेताओं और आईसा (AISA) जैसे छात्र संगठनों ने विरोध जताने की कोशिश की। वैसे, दिल्ली पुलिस ने एक दिन पहले ही SIR के खिलाफ होने वाले इस प्रदर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया था। इस चलते पूरी मध्य दिल्ली में सुरक्षा सख्त कर दी गई थी। आज जैसे ही लोग समूहों में जुटने लगे तो पुलिस ने उन्हें हटाना शुरू कर दिया। 10 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बसों में भरना शुरू कर दिया।

ये बड़े नेता हिरासत में

हिरासत में लिए गए प्रमुख नेताओं में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, वरिष्ठ सांसद संजय सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, आईसा (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा आदि शामिल हैं। पुलिस ने करीब 500 लोगों को हिरासत में लेकर बदरपुर और बाहरी-उत्तर दिल्ली के अलग-अलग थानों में भेज दिया।