CM Vijay Bus Conductor News Hindi : गांधी जयंती के मौके पर आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय अनोखे अंदाज में नजर आए। अपनी फिल्मों में कई यादगार रोल निभा चुके विजय ने असल जिंदगी में बस कंडक्टर की भूमिका निभाई। उन्होंने चेन्नई की एक बस में सफर कर रही महिलाओं के टिकट काटे। सीएम विजय को अपने बीच पाकर यात्री बेहद खुश दिखे। बस में मौजूद एक बुजुर्ग महिला तो सीएम के इस सादगी भरे अंदाज से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने प्यार से मुख्यमंत्री की नजर उतारी। इसके जवाब में विजय ने भी मुस्कुराते हुए उनकी नजर उतार दी। वहीं, बस में सवार कॉलेज के छात्रों ने सीएम के साथ चॉकलेट शेयर की। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो वायरल हो रहा है।

क्या है वेत्री पयनम योजना?

दरअसल, मुख्यमंत्री ने वेत्री पयनम थिट्टम (विजयी यात्रा योजना) के विस्तार की शुरुआत करने के लिए खुद बस में सफर किया था। इस योजना के तहत अब पूरे राज्य में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समाज के लोगों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

योजना की खास बातें :

किन्हें मिलेगा फायदा : हर दिन 84.32 लाख महिलाओं और ट्रांसजेंडरों को इसका लाभ मिलने का अनुमान है।

किन बसों में मिलेगी सुविधा : राज्य परिवहन की 12695 से अधिक बसों में यह सुविधा लागू होगी। इसमें अब साधारण बसों के अलावा एक्सप्रेस, डीलक्स, मोफुसिल और पहाड़ी इलाकों (घाट क्षेत्रों) की बसें भी शामिल कर ली गई हैं।

कोई बंदिश नहीं : योजना का लाभ लेने के लिए कोई भी आय सीमा तय नहीं की गई है। साथ ही कोई भी यात्री दिन में कितनी भी बार बिना किसी रोक-टोक के मुफ्त यात्रा कर सकता है।

टीवीके के नाम पर रखा योजना का नाम

बता दें, इस योजना का नाम सीएम विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नाम पर रखा गया है। राज्य सरकार और परिवहन मंत्री के अनुसार इस पहल का मुख्य मकसद महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को पढ़ाई, नौकरी और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि किराए का खर्च उनकी तरक्की और सफर के बीच रुकावट न बने।