मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को पत्र जारी किया गया
गृह सचिव ने शुक्रवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशकों को पत्र लिखकर प्रस्तावित प्रदर्शन से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं से अवगत कराया। पत्र में कहा गया है कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि सार्वजनिक शांति भंग होने की किसी भी आशंका से समय रहते निपटा जा सके। गृह मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने CJP ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित करने की मांग को मंजूरी नहीं दी है। लेकिन आशंका जताई गई है कि CJP पार्टी के सदस्य और समर्थक दूसरे राज्यों से राजधानी पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। मंत्रालय ने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताया है।
खुफिया सूचनाएं तत्काल साझा करने पर जोर
गृह सचिव ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की खुफिया इकाइयों, सीमा पारगमन से जुड़े अधिकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा है। निर्देशों में वास्तविक समय में सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि संभावित गतिविधियों की जानकारी संबंधित एजेंसियों तक समय पर पहुंच सके। पत्र के अनुसार, सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए जरूरी निवारक कदम कानून के दायरे में उठाए जाने चाहिए। केंद्र ने संबंधित एजेंसियों से निर्देशों को गंभीरता से लागू करने को कहा है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद छोड़ने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर एक विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का फैसला किया था। CJP पार्टी की तरफ से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति देने से साफ मना कर दिया है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और विभिन्न राज्यों के साथ तालमेल को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना प्राथमिकता है।
कानून के तहत सतर्कता बरतने के निर्देश
गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए जरूरी कदम समय रहते उठाए जाएं। साथ ही, सभी कार्रवाई कानूनी प्रावधानों के अनुरूप होनी चाहिए। प्रदर्शन से ठीक पहले, केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल को बेहद अहम माना जा रहा है।