Boat Capsizes News : पूर्वी अफ्रीका के देश जिबूती के समुद्री तट पर बेहद दर्दनाक और भयानक हादसा सामने आया है। प्रवासियों से भरी एक नाव समंदर के बीचों-बीच पलट गई। नाव पर 305 लोग सवार थे। इनमें से 109 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। 116 लोग समंदर में लापता हैं। उनकी तलाश में राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना बाद 80 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन यानी इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (IOM) ने आज बताया कि मृतकों का आंकड़ा भयावह है। जान गंवाने वालों में 52 पुरुष, 42 महिलाएं और 15 मासूम बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा कि हादसा गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उस वक्त हुआ, जब यह नाव सवारियों को लेकर जिबूती के तट से यमन की तरफ आगे बढ़ रही थी।

खाड़ी देशों में रोजगार की तलाश में निकले थे प्रवासी

IOM ने बयान में इस बात का जिक्र किया कि हॉर्न ऑफ अफ्रीका क्षेत्र से हर साल हजारों गरीब प्रवासी अपनी सुरक्षा, बेहतर भविष्य और आर्थिक अवसरों की तलाश में निकलते हैं। ये लोग जिबूती के रास्ते बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य (बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट) को पार कर खाड़ी देशों (गल्फ कंट्रीज) तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। यमन में लंबे समय से जारी भीषण हिंसा और अस्थिरता के बावजूद प्रवासियों की यह खतरनाक यात्रा लगातार जारी रहती है।

IOM ने जताया गहरा दुख

जिबूती में IOM के मिशन प्रमुख एलेक्जेंडर कोयसैक ने दुर्घटना पर शोक जताते हुए कहा, यह अपूरणीय क्षति है। यह दर्दनाक त्रासदी चेतावनी है कि आर्थिक तंगी से निकलने के लिए इस खतरनाक माइग्रेशन कॉरिडोर से गुजरने वाले लोगों को हर पल किस तरह के जानलेवा खतरों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल लापता 116 प्रवासियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।