Bihar MLC Election 2026 News : बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों पर स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के आगामी द्विवार्षिक चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर तालमेल की कमी खुलकर सामने आ गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की तरफ से एकतरफा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।
कांग्रेस ने घोषित किए 5 उम्मीदवार
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची के अनुसार पार्टी ने 8 में से 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
दरभंगा शिक्षक सीट : वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा
पटना स्नातक सीट : असदुल्लाह खान
पटना शिक्षक सीट : संजय यादव
कोसी स्नातक सीट : मनोज कुमार जायसवाल
दरभंगा स्नातक सीट : रजनीकांत पाठक
ये सीटें छोड़ी कांग्रेस
कांग्रेस ने तिरहुत शिक्षक सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के निवर्तमान एमएलसी संजय कुमार सिंह के लिए छोड़ दी है। इसके अलावा तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए हैं, जिन्हें राजद के लिए छोड़े जाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
राजद के 6 प्रत्याशियों का ऐलान
राजद ने बिना पूर्व सहमति के 6 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है।
पटना शिक्षक : डॉ. संजीव कुमार सिंह
पटना स्नातक : दिलीप कुमार
कोसी स्नातक : नीतेश कुमार
दरभंगा स्नातक : अनिल कुमार झा
सारण शिक्षक : प्रो. जयराम यादव
तिरहुत स्नातक : डॉ. रश्मि विनायक गौतम
गठबंधन में दरार और कांग्रेस का रुख
राजद द्वारा बिना सहयोगी दल से चर्चा किए सबसे पहले सूची जारी करने पर कांग्रेस के भीतर भारी असंतोष देखा गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीट बंटवारे पर बातचीत न होने के कारण ही कांग्रेस ने भी इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर फ्रेंडली फाइट का रास्ता चुना है। वैसे, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने दरार की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि विधान परिषद के ये चुनाव किसी पार्टी सिंबल पर नहीं लड़े जाते हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और पिछले चुनाव में भी दरभंगा, मोतिहारी, कटिहार और बेगूसराय जैसी सीटों पर सहयोगी दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।
30 जिलों में फैला है चुनावी क्षेत्र
यह चुनाव आम विधानसभा चुनावों से काफी अलग है। इसमें बिहार के 30 जिलों के 4 स्नातक तथा 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता (शिक्षक और स्नातक) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्तमान विधान पार्षदों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है।
चुनाव और मतगणना का कार्यक्रम
वोटिंग : 23 अक्टूबर
काउंटिंग : 27 अक्टूबर