बिहार की राजधानी पटना से नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आ रहा है। आरोप है कि छात्रा ने एक सहपाठी से फोन पर बात करने से मना किया तो उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रास्ते में उसे रोक लिया और मारपीट की। घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार थाने पहुंचा।
फोन पर बात करने को लेकर विवाद
मामला गौरीचक थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। छात्रा स्कूल से लौटने के बाद रोजाना की तरह शाम को कोचिंग पढ़ने जाती थी। उसी कोचिंग में पढ़ने वाला एक छात्र कथित तौर पर उसे लगातार फोन करता था और बातचीत करने का दबाव बनाता था। बताया गया है कि छात्रा ने जब फोन पर बात करने से मना करने पर, मंगलवार को एक आरोपी छात्र ने अपने साथी के साथ मिलकर यह कदम उठाया आरोपी छात्र और उसके साथी ने छात्रा को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट करने और उसे धमकाने लगे।
परिजनों को बताई पूरी बात
घटना के बाद छात्रा घर पहुंची और अपने परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर गौरीचक थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद करीब सात घंटे तक मामले में कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें मामले को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।
डीएसपी के निर्देश पर शुरू हुई जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने गौरीचक थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित छात्रा नाबालिग है और मारपीट का आरोप जिस छात्र पर लगा है, वह भी नाबालिग बताया गया है।
आरोपी छात्र ने मारपीट की बात मानी
पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्र ने छात्रा के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है। वहीं, उसके साथ मौजूद दूसरे छात्र की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।