Anbil Mahesh Arrest : तमिलनाडु की राजनीति में 100 करोड़ रुपये के कथित स्कूल लाइसेंस और मंजूरी घोटाले को लेकर बड़ा भूचाल आ गया है। मामले में राज्य के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के वरिष्ठ नेता अंबिल महेश पोय्यामोझी को चेन्नई पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारियों का आरोप है कि निजी शिक्षण संस्थानों को सरकारी मान्यता, स्कूलों को अपग्रेड करने की इजाजत, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (DTCP) से जुड़े अप्रूवल और अन्य जरूरी कानूनी मंजूरियां दिलाने के नाम पर पैसों की भारी उगाही की गई। जांच में सामने आया है कि इस पूरे खेल से 177 निजी स्कूल सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।
डिजिटल सबूतों और बयानों ने बढ़ाई मुश्किलें
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों से मिले डेटा और पूछताछ में दर्ज बयानों से पूर्व मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार और विश्वासघात में शामिल होने के पुख्ता संकेत मिले हैं। इसी आधार पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं में कानूनी शिकंजा कसा गया है।
किसकी शिकायत पर हुई यह कार्रवाई?
पूरा मामला तमिलनाडु में फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स के सचिव डीसी एलंगोवन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया। अपनी शिकायत में एलंगोवन ने बताया कि बीटी अरसाकुमार और मुथुकुमार नाम के दो व्यक्तियों ने खुद को एक गैर-पंजीकृत संगठन तमिलनाडु प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन का संस्थापक-अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष बताकर निजी स्कूल प्रबंधनों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई। एलंगोवन का आरोप है कि यह पैसा उस समय सत्ता में रही डीएमके पार्टी के लिए फंड जमा करने के बहाने लिया गया था।
हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के तुरंत बाद गिरफ्तारी
अंबिल महेश ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। वैसे, जस्टिस वी लक्ष्मीनारायण की पीठ ने उनकी यह अर्जी खारिज कर दी। अदालत से झटका मिलते पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। महेश ने अपने खिलाफ दर्ज FIR को रद्द कराने के लिए भी अदालत का रुख किया है। वह आरोपों को बेबुनियाद बता रहे।
सियासी बयानबाजी शुरू
इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। DMK ने मौजूदा तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सरकार पर आरोप लगाया है कि वह राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही।