INDIA Alliance Rally News : देश में एसआईआर (SIR) और वोट चोरी के गंभीर आरोपों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। एक तरफ जहां कांग्रेस और विपक्षी दलों का इंडिया (INDIA) गठबंधन 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में महाहल्ला बोलने की तैयारी में है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी पलटवार करते हुए तेलंगाना में बड़ी पदयात्रा का ऐलान कर दिया है। विपक्ष जहां मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को भ्रम फैलाने की साजिश करार दिया है।
1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की वोट बचाओ-देश बचाओ रैली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस रैली का ऐलान किया है। 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को तुरंत रोकने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। खरगे ने आरोप लगाया कि देश के नागरिकों का वोट देने का संवैधानिक अधिकार खतरे में पड़ चुका है। इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारों पर काम कर रहे हैं। सरकार को घेरते हुए खरगे ने कहा कि देश में त्योहारों का सीजन है, लेकिन आम जनता कमरतोड़ महंगाई की मार झेल रही है। सरकार को जनता की परवाह नहीं है और उसे केवल वोट चुराना आता है। उन्होंने दावा किया कि बड़े पैमाने पर वोटों की हेराफेरी हुई है और यह अब भी जारी है। खरगे ने लोगों से लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए रैली में शामिल होने की अपील की।
2 नवंबर को अमित शाह की तेलंगाना में पदयात्रा
कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के हमलों का करारा जवाब देने के लिए बीजेपी ने भी आक्रामक रणनीति बनाई है। तेलंगाना बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 नवंबर को राज्य में होने वाली इस पदयात्रा में शिरकत करेंगे। राव ने कहा कि कांग्रेस देश और राज्य में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है, जिसे रोकने के लिए बीजेपी सड़क पर उतर रही है।
13 करोड़ वोटर लिस्ट विवाद पर बीजेपी की सफाई एवं चुनौती
कांग्रेस द्वारा एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को बीजेपी ने सिरे से खारिज कर दिया। रामचंद्र राव ने बताया कि हटाए गए नाम फर्जी नहीं थे, बल्कि वे मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित और डुप्लिकेट श्रेणियों के थे। 13 करोड़ में से 2.8 करोड़ लोग मृत थे। 3 करोड़ लोग अनुपस्थित थे या बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को जांच में नहीं मिले। 6.3 करोड़ लोग स्थायी रूप से किसी अन्य स्थान पर चले गए थे और 1 करोड़ नाम एक से अधिक जगहों पर दर्ज थे। राव ने हैदराबाद के एक व्यक्ति का उदाहरण दिया जिसने खुद तीन जगहों पर अपना नाम दर्ज होने की बात कबूल की थी। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को चुनौती दी कि वे सीएम के पैतृक गांव कोंडारेड्डीपल्ले चलने को तैयार हैं, ताकि देखा जा सके कि वहां कितने असली वोटरों के नाम कटे हैं।
खरगे और राहुल गांधी पर बीजेपी का हमला
पीएम पर टिप्पणी का विरोध : राव ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ खरगे के बयानों की निंदा करते हुए कहा कि 2014 के बाद से लगातार हार रही कांग्रेस इस बात को पचा नहीं पा रही है कि एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन गया है। बीजेपी ने कार्यकर्ताओं से खरगे के विरोध में जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस का पुतला फूंकने का आह्वान किया है।
राहुल गांधी पर तंज : राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताने पर राव ने तंज कसते हुए कहा कि आप किसी फेल हो चुके प्रोडक्ट की मार्केटिंग नहीं कर सकते। राहुल के नेतृत्व संभालने के बाद से बीजेपी का जनाधार लगातार मजबूत ही हुआ है।
तेलंगाना के स्थानीय संकट पर कांग्रेस को घेरा
बीजेपी अध्यक्ष ने दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए राज्य के जमीनी मुद्दों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि कम बारिश के कारण तेलंगाना के 600 में से 300 से ज्यादा मंडलों में सूखे की स्थिति है और अकेले हैदराबाद में रोजाना 8000 पानी के टैंकर बुक हो रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि कांग्रेस नेतृत्व को राजनीति करने के बजाय पानी के इस गंभीर संकट को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।