एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में श्रीलंका ने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने शुरुआती झटकों से उबरकर 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका की जीत के नायक थारिंदु रत्नायके रहे, जिन्होंने बल्ले से 65 रन बनाने के साथ गेंद से भी दो विकेट झटके।

29 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे

श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के दौरान महज 29 रन तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेशी गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजी को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक देंगे। इसके बाद थारिंदु रत्नायके और कप्तान सहान अराचिगे ने पारी को संभाला। दोनों ने तेजी से रन जुटाते हुए श्रीलंका को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। थारिंदु रत्नायके ने 32 गेंदों पर 65 रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए। उनके अलावा सहान अराचिगे ने 37 गेंदों पर 33 रन बनाए। इन पारियों की मदद से श्रीलंका ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़े और 20 ओवर में 165/9 का स्कोर खड़ा कर दिया।

बांग्लादेश की शुरुआत ही खराब रही

166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम को पहली ही गेंद से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। नुवान तुषारा ने शुरुआती गेंद पर लिटन दास को गोल्डन डक पर आउट कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश ने महज 18 रन तक चार विकेट गंवा दिए। टीम इस शुरुआती झटके से अंत तक उबर नहीं सकी। नासुम अहमद ने 26 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि यासिर अली ने 21 और परवेज हुसैन इमोन ने 20 रन बनाए। पूरी टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से नुवान तुषारा, थारिंदु रत्नायके, विजयकांत व्यासकांत और वानुजा सहान ने दो-दो विकेट हासिल किए। सहान अराचिगे और दुशन हेमंथा को एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ श्रीलंका ने पुरुष क्रिकेट में एशियन गेम्स का कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि बांग्लादेश पदक जीतने से चूक गया।