एशियन गेम्स 2026 का पुरुष क्रिकेट फाइनल आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए 211 रन बना दिए हैं। भारत ने आखिरी 5 ओवर में पाकिस्तानी गेंदबाजी के खिलाफ 74 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो सही साबित रहा। शुरुआती 5 ओवरों में भारत ने अपने 2 विकेट गवां दिए थे। वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के जल्दी पवेलियन लौटने के बाद अभिषेक शर्मा ने भारतीय पारी को संभाला और 28 गेंदों में 61 रन बना कर अहम योगदान दिया। यह मुकाबला जापान के निसिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जा रहा है। 

भारत ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर 

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पिछला रिकॉर्ड 192/5 था जो 2012 में अहमदाबाद में बनाया था। 14.1 ओवर पर कप्तान श्रेयस अय्यर 21 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान के जाने के बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने पारी को संभाला। दोनों ने 30 गेंदों में 62 रनों की अहम साझेदारी की। तिलक ने नाबाद 22 गेंदों में 51 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और चार छक्के ठोके। 

टॉस पर एक बार फिर नहीं हुआ हैंडशेक

एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत से पहले एक बार फिर कप्तानों के बीच हाथ न मिलाने की पुरानी परंपरा दोहराई गई। शनिवार को जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टॉस के लिए उतरे भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और पाकिस्तानी कप्तान साहिबजादा फरहान के बीच आमना-सामना तो हुआ, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैचों में टॉस और मुकाबले के बाद खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाने का सिलसिला 2025 के एशिया कप से शुरू हुआ था, जो तब से लगातार जारी है। यह दूरी सिर्फ पुरुष क्रिकेट तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि महिला वर्ल्ड कप, अंडर-19 एशिया कप और सितंबर 2026 में हुए महिला एशिया कप में भी दोनों टीमों के बीच हैंडशेक देखने को नहीं मिला।

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के राजनीतिक और सैन्य रिश्तों में तनाव काफी बढ़ गया था, जिसका असर अब खेल के मैदान पर भी साफ नजर आ रहा है। 2025 के एशिया कप में जब ये दोनों टीमें तीन बार भिड़ी थीं, तो किसी भी मैच के दौरान खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था। इतना ही नहीं, उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था।

भारत और पाकिस्तान की प्लइेंग-11

भारत की प्लेइंग-11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह। 

पाकिस्तान की प्लेइंग-11: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सैम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, साद मसूद, अबरार अहमद, सुफयान मोकीम।