बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। 'कांटे', 'काबिल' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले निर्देशक का 30 अक्टूबर को निधन हो गया। अब उनकी मौत से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि घर के बाथरूम में फिसलकर गिरने के बाद उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। हैरानी की बात ये है कि हादसे के वक्त घर में परिवार के बाकी सदस्य भी मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी। 

रात के हादसे की सुबह मिली जानकारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय गुप्ता 30 अक्टूबर की देर रात मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसा रात के समय हुआ, इसलिए घर में मौजूद बाकी लोगों को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।अगली सुबह जब परिवार के सदस्यों ने उन्हें देखा, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। 

पुलिस ने दर्ज की एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट

मुंबई की वर्सोवा पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल परिवार की ओर से किसी तरह की आशंका या संदेह जाहिर नहीं किया गया है। शुरुआती जानकारी में भी किसी साजिश या संदिग्ध गतिविधि का संकेत नहीं मिला है। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी फिल्ममेकर के घर पहुंची थी। पुलिस मामले से जुड़ी जरूरी कानूनी प्रोटोकॉल फॉलो कर रही है। 

अशोक पंडित ने दी निधन की जानकारी

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए संजय गुप्ता के निधन की पुष्टि की थी। उन्होंने अपने दोस्त को याद करते हुए लिखा कि इस खबर से वो बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। अशोक पंडित ने संजय को शानदार कहानीकार, जिंदादिल इंसान और सिनेमा के प्रति जुनून रखने वाला फिल्ममेकर बताया। उन्होंने ये भी कहा कि संजय का जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। उनके इस पोस्ट के बाद कई फिल्मी हस्तियों और फैंस ने निर्देशक को श्रद्धांजलि दी।