Rahul Gandhi In CWC Today Meeting : कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में सांसद राहुल गांधी ने आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर तीखा रुख अपनाया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई बैठक में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश आदि शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं और नेताओं में जोश भरते हुए कहा कि CEC को अपने पद से हटना ही पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री खुद उनका इस्तीफा करवाएंगे। राहुल गांधी के अनुसार जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त पद नहीं छोड़ते, तब तक कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन लगातार जारी रहेगा। यह लड़ाई जीतने के लिए लड़ना है। पार्टी के हर नेता को एक-दूसरे पर विश्वास रखना होगा।  

बैठक में पेश किए 3 मुख्य प्रस्ताव

  • CEC का तत्काल इस्तीफा लिया जाए।
  • मतदाता सूची से जुड़ी SIR प्रक्रिया को पूरी तरह रद्द किया जाए।
  • प्रधानमंत्री और गृहमंत्री इस पूरे घटनाक्रम की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करें।

चुनाव प्रणाली में मैच फिक्सिंग का आरोप

राहुल गांधी ने सत्तारूढ़ दल पर चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में दो स्तरों पर धांधली की जा रही है-पहला ईवीएम के जरिए और दूसरा मतदाता सूचियों में जानबूझकर गड़बड़ियां करके। उनका दावा है कि हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों में सामने आई कमियों को उन्होंने तथ्यों के साथ देश के सामने रखा है, जिससे अब जनता के बीच माहौल बदलने लगा है।

कानूनों के समय पर उठाए सवाल

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2019 और 2024 के दौरान बनाए गए कानून अनुचित हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2023 में जब मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़ा कानून पारित किया जा रहा था, तब विपक्ष के लगभग 100 सांसदों को निलंबित कर दिया गया था। इससे साफ होता है कि सरकार को अपनी राजनीतिक स्थिति का अंदाजा पहले से ही था। बैठक में प्रियंका गांधी ने भी राहुल गांधी के सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि CEC को हर हाल में इस्तीफा देना ही होगा। राहुल गांधी ने अंत में कहा कि इंडिया गठबंधन की आगामी बैठक में यह तय किया जाएगा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की जाए या फिर राज्यों में विरोध-प्रदर्शन किए जाएं।