पंजाब के फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार को हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन के बाद अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। छात्रों के प्रदर्शन के कारण जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की दखल के बाद हाईवे पर आवाजाही बहाल कर दी गई है। वहीं, कैंपस में बने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगली सूचना तक टाल दिया गया है।

घर लौटने लगे छात्र

कक्षाएं स्थगित होने की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में छात्र अपना सामान लेकर घरों की ओर रवाना होने लगे। कई अभिभावक भी अपने बच्चों को लेने के लिए यूनिवर्सिटी पहुंचे। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने माता-पिता या अभिभावकों से चर्चा के बाद 10 दिन की अवधि में घर जा सकते हैं। जो छात्र कैंपस में रुकेंगे, उन्हें हॉस्टल या अपने रहने की जगह पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

हाईवे पर घंटों रहा जाम

छात्रों के प्रदर्शन का असर यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर भी दिखाई दिया। जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शनकारियों के जुटने के कारण यातायात कई घंटे तक बाधित रहा। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए कई जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया। फगवाड़ा और जालंधर की तरफ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला गया। बाद में प्रदर्शनकारियों के हटने के साथ हाईवे पर यातायात सामान्य होने लगा। 

पांच युवक हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है। 27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर के मुताबिक, पकड़े गए युवकों के पास से एक धारदार हथियार और वॉकी-टॉकी सेट बरामद किया गया है।पुलिस अब इन लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये युवक कहां से आए थे और प्रदर्शन के दौरान वहां उनकी मौजूदगी का क्या कारण था।

किस वजह से शुरू हुआ प्रदर्शन?

LPU में विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की खबर फैलने के बाद हुई। हालांकि पुलिस ने उस समय तक ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र विरोध के लिए एकत्र हो गए। धीरे-धीरे प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और इसके बाद कैंपस में तोड़फोड़ और सामान में आग लगाए जाने की खबरें सामने आईं। इसके बाद प्रदर्शनकारी हाईवे पर भी पहुंच गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर रास्ता खाली कराया। 

10 दिन तक बंद रहेंगी स्थगित

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लास स्थगित करने का फैसला लिया है। मिड-टर्म परीक्षाएं भी फिलहाल टाल दी गई हैं और नई तारीखों की जानकारी बाद में UMS के जरिए दी जाएगी। प्रबंधन ने छात्रों से शांति बनाए रखने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।