गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सात मजदूरों की जान चली गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। यह हादसा पश्चिम कच्छ के खावड़ा इलाके में नवीकरणीय ऊर्जा पार्क (RE Park) के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मजदूरों को लेकर जा रही बोलेरो और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू करना पड़ा।

टक्कर के बाद गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो में करीब 30 से 32 मजदूर सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और कई लोग उसके नीचे या आसपास फंस गए। हादसे में सात मजदूरों की मौत होने की सूचना है, जबकि लगभग 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव कार्य में मदद की। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

भुज के अस्पताल में घायलों का इलाज

कच्छ के जिला कलेक्टर अनिल रणावसिया के मुताबिक, हादसा खावड़ा गांव के पास हुआ, जहां मजदूरों को ले जा रही पिकअप गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई थी। वाहन पलटने के कारण कई लोग घायल हुए। घायलों को भुज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है।

घटनास्थल का मुआयना कर रही पुलिस

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की टीमें घटनास्थल का मुआयना कर रही हैं, ताकि टक्कर की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाने का काम भी जारी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। जाँच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हादसा किन हालात में हुआ था।