दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली से कई राज्यों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। उत्तर रेलवे की ओर से जारी व्यवस्था के तहत दिल्ली को बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और असम के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें नई दिल्ली-दानापुर, नई दिल्ली-गया, नई दिल्ली-पटना, दिल्ली-कामाख्या और प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन जैसी स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। अलग-अलग ट्रेनों का संचालन अक्टूबर से नवंबर और कुछ सेवाओं का दिसंबर तक किया जाएगा।
नई दिल्ली-दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 04090 नई दिल्ली से दानापुर के बीच 2 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04089 दानापुर से नई दिल्ली के लिए प्रत्येक शनिवार को 3 अक्टूबर से 21 नवंबर तक संचालित होगी। दानापुर से यह ट्रेन शाम 4:40 बजे रवाना होगी।
प्रयागराज-निजामुद्दीन के लिए भी सुविधा
प्रयागराज और हजरत निजामुद्दीन के मध्य विशेष ट्रेन (संख्या 04183) का संचालन किया जाएगा। यह गाड़ी 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर के बीच हर मंगलवार को प्रयागराज से दोपहर 3:25 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:35 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04184 हजरत निजामुद्दीन से प्रत्येक बुधवार को चलेगी। इसका संचालन 21 अक्टूबर से 2 दिसंबर तक निर्धारित किया गया है। ट्रेन निजामुद्दीन से दोपहर 3:45 बजे रवाना होगी।
नई दिल्ली से गया और पटना के लिए ट्रेन
रेलवे ने नई दिल्ली-गया के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04064 का संचालन 11 से 25 अक्टूबर तक होगा, जबकि वापसी में 04063 ट्रेन 12 से 26 अक्टूबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में 13-13 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन संख्या 04088 का संचालन 10 से 25 अक्टूबर तक रोजाना किया जाएगा। पटना से वापसी के लिए ट्रेन संख्या 04087 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन चलेगी।
दिल्ली से कामाख्या के लिए भी स्पेशल ट्रेन
पूर्वोत्तर जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली-कामाख्या विशेष ट्रेन संख्या 04076 भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04075 कामाख्या से 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
अमृतसर-बरौनी के बीच भी अतिरिक्त सेवा
रेलवे ने पंजाब और बिहार के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए अमृतसर-बरौनी-अमृतसर विशेष ट्रेन भी घोषित की है। ट्रेन संख्या 04668 अमृतसर से बरौनी के लिए 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04667 बरौनी से अमृतसर के लिए 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी।
यात्रियों को मिलेंगे ज्यादा विकल्प
दिवाली और छठ के दौरान दिल्ली से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने नियमित ट्रेनों के अलावा अतिरिक्त सेवाओं का संचालन शुरू किया है, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिल सकें।