Delhi CJP Protest: दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन से पहले शनिवार सुबह यूट्यूबर और एक्टिविस्ट ध्रुव राठी (Dhruv Rathee) को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात उन्हें रिहा कर दिया गया।
ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था। शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। प्रदर्शनकारी सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि वोटर लिस्ट में सुधार अभियान यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में गड़बड़ियां हुई हैं।
जंतर-मंतर जाने का प्रयास किया तो दोबारा होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद अगर प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें दोबारा हिरासत में लिया जा सकता है या उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच, CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि शनिवार सुबह करीब 8 बजे सादे कपड़ों में लगभग 50 पुलिसकर्मी ध्रुव राठी के घर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया। राठी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के समर्थक और NDA सरकार के मुखर आलोचक माने जाते हैं।
अभिजीत दीपके सहित CJP के तीनों नेता रिहा
इससे पहले CJP के तीन नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रंका को भी एहतियातन हिरासत में लिया गया था, रविवार सुबह मजिस्ट्रेट कोर्ट ने तीनों नेताओं को रिहा करने का आदेश दिया। इस बीच, दिल्ली मेट्रो सेवाओं को पूरी तरह बंद किए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में विशेष सुनवाई होने की संभावना है। शनिवार सुबह मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही थीं, लेकिन स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वारों पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे। हिरासत में लिए गए लोगों को ले जाने के लिए आसपास बसें भी खड़ी की गई थीं।
गौरतलब है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा वी. मोहना की पीठ ने शुक्रवार को निर्देश दिया था कि शनिवार के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो सेवाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया जाना चाहिए।