Delhi CJP Protest: पूर्व भाजपा विधायक विक्रम सिंह की बेटी यशस्वी राजे सिंह ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार को पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया, जब वह गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास एक पार्क में बैठी थीं। उस समय पुलिस उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, जो वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस संबंध में यशस्वी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा, "बंगला साहिब के पास पार्क में बैठने की वजह से डिटेन किया गया।"

'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने शुक्रवार को चुनाव आयोग के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने राजधानी के अलग-अलग इलाकों से करीब 3000 हजार प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिन्हें देर रात छोड़ा गया।  

यशस्वी राजे सिंह कौन हैं?

यशस्वी राजे सिंह, उत्तर प्रदेश की फतेहपुर सदर सीट से पूर्व BJP विधायक विक्रम सिंह की बेटी हैं। उन्होंने जून-जुलाई में पेपर लीक के खिलाफ हुए छात्र प्रदर्शनों में हिस्सा लिया था। उस दौरान छात्रों ने तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। यशस्वी ने इस प्रदर्शन में CJP के अभियान का भी समर्थन किया था।

हिरासत में लिए गए चार पूर्व मुख्यमंत्री

दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की कोशिश के दौरान विपक्ष के चार पूर्व मुख्यमंत्रियों ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, पिनाराई विजयन और माणिक सरकार को भी हिरासत में लिया गया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को मध्य दिल्ली के साउथ एवेन्यू इलाके में पार्टी के कई सांसदों के साथ हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन स्थल की ओर जाने से रोक दिया, जिसके बाद वह एक बस स्टॉप पर बैठ गईं। बाद में पुलिस उन्हें और पार्टी के पांच सांसदों, जिनमें डेरेक ओ'ब्रायन और डोला सेन शामिल थे, उनको बस में ले गई।

प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी मुंह पर बैंड-एड लगाकर बैठी नजर आईं। इसे उन्होंने पुलिस की कार्रवाई के विरोध के तौर पर पेश किया। ममता बनर्जी ने कहा, "सरकार हमारे साथ गलत व्यवहार कर रही है। हम, यानी INDIA गठबंधन, लोगों की आवाज को मजबूत करने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।"