राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। बुधवार की सुबह शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। धुंध और स्मॉग की मोटी परत के बीच लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह की सैर और खुले में लंबे समय तक रहने से बचने की सलाह दी है। दिल्ली का कुल AQI 629 दर्ज गया है। आनंद विहार में 736, विवेक विहार में 734 और सोनिया विहार में 708 का स्तर दर्ज किया गया। अलग-अलग निगरानी प्रणालियों के आंकड़ों में अंतर है। CPCB के सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का औसत AQI 373 था, जबकि पंजाबी बाग में 452 और जहांगीरपुरी में 450 दर्ज किया गया। इसलिए 600 से अधिक के आंकड़ों को CPCB के मानक AQI के साथ सीधे मिलाकर नहीं देखना चाहिए। 

कई इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में

दिल्ली के अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा बना हुआ है। CPCB के सुबह के आंकड़ों के अनुसार, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, IIT दिल्ली, मुंडका, रोहिणी और DTU समेत कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया। वहीं, आनंद विहार, विवेक विहार और पर्यटन विहार जैसे इलाकों में 700 से अधिक AQI दर्ज होने की बात कही गई है। प्रदूषण के इस स्तर ने राजधानी के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। 

GRAP-2 लागू, फिर भी प्रदूषण से राहत नहीं

दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता बेहद खराब होने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 2 नवंबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू कर दिया था। इसके तहत सड़कों की मशीनों से सफाई, पानी का छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन के इस्तेमाल को बढ़ाने जैसे कदम उठाए गए हैं। निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने, सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को मजबूत करने और डीजल जनरेटर के उपयोग पर सख्ती जैसे उपाय भी लागू हैं। इसके बावजूद बुधवार सुबह प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रहा। 

पराली का धुआं और मौसम भी बढ़ा रहे परेशानी

दिल्ली की हवा बिगड़ने के पीछे वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने को प्रमुख वजहों में गिना जा रहा है। IITM के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 नवंबर को दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी बढ़कर करीब 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। कम हवा की गति और प्रदूषकों के बिखराव के लिए प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां भी स्थिति को गंभीर बना रही हैं। ऐसे में प्रदूषण के कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। 

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन में धूप से तापमान बढ़ेगा। मौसम साफ रहने के बावजूद प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने 4 नवंबर को हवा के बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान जताया है। 

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग सुबह और देर शाम खुले में व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें और घरों में भी धूल व धुएं के प्रवेश को कम रखने की कोशिश करें।