बच्चों को जंक फूड से दूर रखना सबसे मुश्किल काम होता है। रोटी खाने में बच्चों के जितने नखरे होते हैं, बाहर खाना देखते ही वो उतना ही ललचाते हैं। किसी को पिज़्ज़ा, तो किसी को पास्ता पसंद आता है। अगर आपके बच्चे भी ऐसा ही करते हैं, तो आपको जरूर चिंता होती होगी क्योंकि बाहर का खाना और खासकर मैदा बच्चों की सेहत पर बेहद बुरा प्रभाव डालते हैं। रोज-रोज 'नूडल्स' जैसी चीजें खाने से बच्चों का पेट खराब हो सकता है। हालांकि, आप ये बात कितना भी बच्चों को समझा लें, लेकिन वो नहीं मानेंगे।
बच्चों को मैदे वाले नूडल्स से कैसे रखें दूर?
ऐसे में पेरेंट्स को ही ऐसी तरकीब निकालनी होगी कि बच्चों का पेट भी भर जाए और वो कोई ड्रामा भी न करें। अगर आप सीधे-सीधे उन्हें 'नूडल्स' की जगह सब्जियां खिलाएंगे तो हंगामा हो सकता है, लेकिन बच्चे आपकी बात नहीं मानेंगे। ऐसे में आप 'नूडल्स' को हेल्दी तरीके से बना सकते हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि 'नूडल्स' का हेल्दी वर्जन क्या होता है? 'नूडल्स' का तो मतलब ही मैदा है। तो आपको बता दें, आप अपने बच्चों के लिए 'नूडल्स' को 'जुकिनी नूडल्स' से रिप्लेस कर सकते हैं। जुकिनी काफी पौष्टिक और कम कैलोरी वाली सब्जी होती है, जो आजकल बाजार में आसानी से मिल जाती है।
क्या है 'जुकिनी नूडल्स'?
जुकिनी में फाइबर होता है, जिससे कब्ज और गैस जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। ये ब्लड शुगर कंट्रोल करती है और आंखों को स्वस्थ रखने में भी मदद करती है। साथ ही संक्रमण से लड़ने कि ताकत देती है। यानी सब्जी एक और फायदे अनेक। वहीं, मैदा सिर्फ शरीर को नुकसान पहुंचता है। तो आप तो समझ ही गए होंगे कि जुकिनी को नूडल्स से रिप्लेस करने में कितना फायदा है। अब सवाल ये उठता है कि जुकिनी को कैसे बनाएं कि वो नूडल्स की तरह ही टेस्ट करे और दिखाई भी बिल्कुल वैसी ही दे, ताकि बच्चे पहचान न पाएं और कोई नखरा भी न करें।
'जुकिनी नूडल्स' कैसे बनाएं?
तो आपको जुकिनी को अच्छे से धोकर चाकू या पिलर कि मदद से उसे पतले नूडल्स की तरह काटना है। इसका आकार आपको ऐसे रखना है, जिसे देखकर वो बिल्कुल 'नूडल्स' की तरह लगे। इसके बाद आप मक्खन या ऑलिव ऑयल को गरम करके उसमें लहसुन को भून सकते हैं। साथ ही जो जुकिनी आपने नूडल्स के शेप में काटी है, उसे एक बर्तन में डालकर काली मिर्च, ऑरिगेनो, विनेगर या सोया सॉस और नमक के साथ फ्राई कर सकते हैं। चाहें तो और सब्जियां सॉटै करके भी अपनी 'जुकिनी नूडल्स' में मिक्स कर सकते हैं। ये देखकर बच्चे भी पहचान नहीं पाएंगे कि उन्होंने 'नूडल्स' के नाम पर हेल्दी सब्जी खा ली।