मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी को लेकर एक चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है। वाशु भगनानी का नाम इन दिनों कुछ ज्यादा ही सुर्खियों में बना हुआ है। हाल ही में मुंबई के इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने वाशु भगनानी, उनकी बहू रकुल प्रीत सिंह और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े 12 ठिकानों पर रेड मारी थी। अब इस रेड के 2 दिन बाद जानकारी मिली है कि वाशु भगनानी की तबियत खराब हो गई है। उन्हें अब अस्पताल में भर्ती भी करवाया गया है। वाशु भगनानी का लंदन के अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

लंदन के अस्पताल में भर्ती हुए वाशु भगनानी

हालांकि, अभी तक इस मामले में वाशु भगनानी या उनके परिवार की तरफ से कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न तो रकुल प्रीत सिंह और न ही जैकी भगनानी ने वाशु भगनानी की सेहत या उनके अस्पताल में भर्ती होने की कोई जानकारी सांझा की है। ऐसे में ये पता नहीं चल पाया कि वाशु भगनानी को क्या हुआ है। दूसरी तरफ वाशु भगनानी ने इस वक्त प्राइवेसी की मांग की है। वो फिलहाल न तो किसी से बात करना चाहते हैं और न ही किसी सवाल का जवाब देना चाहते हैं। 

हाल ही में पड़ी थी IT रेड

आपको बता दें, वाशु भगनानी से जुड़े ठिकानों पर टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में इनकम टैक्स की रेड पड़ी थी। ये बताया गया कि वाशु भगनानी फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के नाम पर बाहर विदेशों में पैसा भेज रहे हैं। इसी मामले में उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर मुंबई के इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने तलाशी ली। इस मामले पर भी भगनानी परिवार ने अभी तक चुप्पी बनाई हुई है। इस कंट्रोवर्सी को लेकर उनकी तरफ से अभी तक कोई सफाई नहीं दी गई है। 

वाशु का प्रोडक्शन हाउस भी रहा विवादों में 

वाशु भगनानी का प्रोडक्शन हाउस 'पूजा एंटरटेनमेंट' भी चर्चाओं में रहता है। इस प्रोडक्शन हाउस के अंदर कई सुपरहिट फिल्में बन चुकी हैं जैसे ‘हीरो नंबर 1’, ‘कुली नंबर 1’, ‘रहना है तेरे दिल में’ और ‘बीवी नंबर 1’। हालांकि, अक्षय कुमार की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और 'गणपत' के फ्लॉप होने के बाद 'पूजा एंटरटेनमेंट' को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। प्रोडक्शन हाउस 250 से 300 करोड़ के कर्ज में डूब गया था। साथ ही क्रू मेंबर्स ने आरोप भी लगाए थे कि उनका भुगतान नहीं किया गया।