हरारे स्पोर्ट्स क्लब में चल रहे जिम्बाब्वे बनाम ऑस्ट्रेलिया के दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 356 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं। इसी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने तूफानी शतक जड़ते हुए सिर्फ 75 गेंदों में ही अपनी सेंचुरी पूरी की। हेड का ये वनडे करियर का आठवां शतक है। इस पारी के साथ हेड ने पिछले मैच के सेंचुरियन मैट रेनशॉ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 

ट्रेविस ने थोड़ा गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलियाई पारी की शुरुआत करने उतरे ट्रेविस हेड ने मैदान पर आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की और देखते ही देखते 36 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया। पारी के 25वें ओवर में हेड ने ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया। इस शतक के साथ उन्होंने जिंबाब्वे के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रेनशॉ ने पिछले मैच में 86 गेंदों में शतक लगाकर एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा था। अब हेड ने इस मामले में सभी को पीछे छोड़ दिया है। हेड 84 गेंदों में 112 रन बनाकर पवेलियन गए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और तीन छक्के लगाए। 

130 रनों की बड़ी साझेदारी 

ऑस्ट्रेलिया और जिंबाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में चल रहा है। जिंबाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और कंगारू टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया जो गलत साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए 130 रनों की साझेदारी की। हेड से पहले मार्श 53 रन बनाकर आउट हुए। 

हेड के पवेलियन लौटने के बाद होने के बाद कूपर कोनोली ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभाला। उन्होंने 69 गेंदों में 78 रन बनाए। जोश इंग्लिस ने 21 और एलेक्स कैरी ने 20 रन बनाए। पिछले मुकाबले के सेंचुरियन रहे रेनशॉ 15 रन ही बना सके। ओलिवर पीक 41 रन और नाथन एलिस 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। 


ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे ODI में सबसे तेज शतक (गेंदों के हिसाब से)

75 – ट्रैविस हेड, हरारे, 2026*

86 – मैट रेनशॉ, हरारे, 2026

89 – एडम गिलक्रिस्ट, होबार्ट, 2004