Mamata Banerjee News : सुप्रीम कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के ममता बनर्जी गुट की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने फ्रीज किए गए अपने चार बैंक खातों को चलाने की इजाजत मांगी थी। न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पीबी वराले की बेंच ने इस मामले में साफ कह दिया कि वे कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले में दखल नहीं देंगे।
हाईकोर्ट से जल्द सुनवाई करने की अपील
अदालत ने कहा कि जब चुनाव आयोग ने पार्टी के निशान पर ही रोक लगा रखी है तो इन खातों में जमा 804 करोड़ रुपए की रकम पर असली हक किसका है, इसका फैसला होना अभी बाकी है। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों पर खुलकर टिप्पणी करने से बचते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट से इस पूरे विवाद की सुनवाई जल्द से जल्द पूरी करने का अनुरोध किया है।
फ्रीज खातों को शुरू कराने को इतनी उतावली क्यों?
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। कंचन गुप्ता ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि आखिर ममता बनर्जी TMC के फ्रीज खातों को दोबारा शुरू कराने के लिए इतनी उतावली क्यों हैं?
कुछ नहीं पेंटिंग बनाकर करोड़ों में बेच दें: कंचन
कंचन गुप्ता ने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी या उनके भतीजे को पैसों की इतनी ही जरूरत है तो ममता बनर्जी को कुछ नई पेंटिंग्स बनाकर उन्हें करोड़ों में बेच देना चाहिए या फिर कविताएं लिखकर ऊंचे दामों पर बेचनी चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब ममता बंगाल की मुख्यमंत्री थीं, तब भी उनकी पेंटिंग्स करोड़ों रुपये में बिकी थीं तो जो लोग उस समय खरीदार थे, वे आज भी खुशी-खुशी उन्हें खरीदने को तैयार हो जाएंगे।