Captain Smit Machchhar And PM Modi Conversation : सऊदी अरब के आसमान में एक विमान में सवार सभी 174 यात्रियों का जीवन बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉल पर बातचीत की। उनके जज्बे को सलाम किया। पीएम मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित उस भयानक पल को याद करते हुए भावुक हो गए। अस्पताल में भर्ती स्मित ने बताया कि उस वक्त मैं जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा था। मैं नीचे गिर पड़ा था। शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। मुझे महसूस हो रहा था कि प्लेन तेजी से नीचे जा रहा। मुझे लगा कि इस आखिरी मौके पर कुछ नहीं किया तो सबकुछ खत्म हो जाएगा। मैंने पूरी ताकत लगाई और इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया। 17 वर्षों के फ्लाइंग अनुभव और 11 साल से कैप्टन के पद पर तैनात स्मित ने कहा, मैं आंखें बंद करके भी समझ सकता हूं कि विमान में क्या चल रहा। जब भी मैं किसी भारी मुश्किल में होता हूं, हनुमान चालीसा का पाठ करता हूं। उस संकट के समय भी मैं लगातार हनुमान चालीसा पढ़ रहा था। मुझे पूरा यकीन है कि भगवान की कृपा से ही सबकी जान बच सकी है।

'आप पर पूरे देश को गर्व'

प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित को ढांढस बंधाते हुए कहा कि उनके साहस ने भारत का सिर पूरी दुनिया में ऊंचा कर दिया है। पूरा देश आपके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा और आपके लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जा रहा है। आपने साबित कर दिया कि भारतीय किसी की जान लेते नहीं, बल्कि दूसरों को बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा देते हैं। पीएम ने स्मित को यह सुंदर संस्कार देने के लिए उनके पिता भूपेंद्रभाई और मां गीताबेन को प्रणाम किया। उन्होंने स्मित की पत्नी सोनलबेन की भी सराहना की और कहा कि संकट की इस घड़ी में भी उन्होंने बेहद धैर्य और हिम्मत से बात की। प्रधानमंत्री का फोन पाकर स्मित रो पड़े और उन्होंने कहा कि देश के पीएम से बात होना उनके लिए बेहद गर्व की बात है।

दुनिया भर से मिल रहीं तारीफें

कैप्टन स्मित की इस सूझबूझ को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सराहा है। नेतन्याहू ने कहा कि कैप्टन स्मित ने अपनी जांबाजी से अमेरिका के 9/11 जैसे किसी बड़े आतंकी या घातक हादसे को होने से रोक दिया और वे एक सच्चे हीरो हैं।

फिलहाल अबू धाबी में इलाज जारी

हादसे के बाद घायल हुए कैप्टन स्मित को सऊदी अरब से एयरलिफ्ट करके अबू धाबी (UAE) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल पहुंचकर कैप्टन स्मित और उनके परिजनों से मुलाकात की। राजदूत मित्तल ने बताया कि स्मित का मनोबल काफी ऊंचा है और वे तेजी से रिकवर कर रहे हैं। भारतीय दूतावास लगातार वहां के स्थानीय प्रशासन और डॉक्टरों से संपर्क में है, ताकि उन्हें बेहतर से बेहतर मेडिकल सुविधाएं मिल सकें।