न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपनी पुरुष राष्ट्रीय टीम के नए बल्लेबाजी कोच के रूप में पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज बीजे वाटलिंग की नियुक्ति की घोषणा की है। वे भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला की समाप्ति के पश्चात ल्यूक रॉन्ची का पदभार संभालेंगे। वाटलिंग 16 नवंबर से न्यूजीलैंड के सपोर्ट स्टाफ के साथ जुड़ जाएंगे और कुछ समय तक रॉन्ची के साथ मिलकर काम करेंगे। भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला समाप्त होने के तुरंत बाद वे औपचारिक रूप से बल्लेबाजी कोच की भूमिका ग्रहण करेंगे, जिसके बाद उनकी सबसे बड़ी और पहली चुनौती ऑस्ट्रेलिया का आगामी चार टेस्ट मैचों का दौरा होगा।
16 नवंबर से टीम के साथ जुड़ेंगे वाटलिंग
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, 41 वर्षीय वाटलिंग 16 नवंबर को टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनेंगे। शुरुआत में वह मौजूदा बल्लेबाजी कोच ल्यूक रॉन्ची के साथ काम करेंगे, ताकि जिम्मेदारी के हस्तांतरण की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके। ल्यूक रॉन्ची ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच पद से हटने का फैसला पहले ही कर लिया था। वह भारत के खिलाफ सीरीज तक टीम के साथ बने रहेंगे। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में मेलबर्न रेनेगेड्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। रॉन्ची 2020 से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच की भूमिका में थे। उनके कार्यकाल में टीम ने 2021 में पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता था।
वाटलिंग का शानदार अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड
बीजे वाटलिंग ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान न्यूजीलैंड टीम के लिए 75 टेस्ट मैचों, 28 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) मैचों और 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में प्रतिनिधित्व किया था। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 3,790 रन बनाए, जिसमें आठ शतक और 19 अर्धशतक शामिल रहे। विकेटकीपर के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम न्यूजीलैंड के लिए करीब 3,400 रन हैं, जो इस भूमिका में देश का रिकॉर्ड है। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 265 कैच और स्टंपिंग भी दर्ज हैं। वाटलिंग ने 2021 में न्यूजीलैंड की पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।
कोचिंग में भी बना चुके हैं पहचान
संन्यास के बाद वाटलिंग ने कोचिंग को अपना अगला करियर बनाया। उन्होंने न्यूजीलैंड की घरेलू टीमों वेलिंगटन फायरबर्ड्स और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के साथ काम किया। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के मुख्य कोच के रूप में उनके कार्यकाल में टीम ने 2024-25 में प्लंकेट शील्ड और 2025-26 में सुपर स्मैश का खिताब जीता। इस प्रदर्शन ने राष्ट्रीय टीम के कोचिंग स्टाफ में उनकी नियुक्ति का रास्ता मजबूत किया।
वाटलिंग बोले- टीम के साथ लौटना खास मौका
नई जिम्मेदारी मिलने पर वाटलिंग ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड टीम के मौजूदा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ दोबारा काम करना उनके लिए विशेष अवसर है। वाटलिंग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में टीम ने शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं और वह अब अपने अनुभव के जरिए इस मजबूत टीम में योगदान देने के लिए उत्साहित हैं।
कप्तान टॉम लैथम ने किया स्वागत
न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टॉम लैथम ने भी वाटलिंग की नियुक्ति का स्वागत किया है। लैथम के मुताबिक, वाटलिंग ने खिलाड़ी के तौर पर जिस मेहनत और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया था, वही रवैया उनके कोचिंग कार्यकाल में भी दिखाई देगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ हाई परफॉर्मेंस ऑफिसर डेरिल गिब्सन ने भी वाटलिंग के घरेलू कोचिंग अनुभव और मौजूदा खिलाड़ियों के साथ उनके अच्छे संबंधों को नियुक्ति की अहम वजह बताया।
भारत-न्यूजीलैंड सीरीज से पहले हुआ बदलाव
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी। दोनों टीमों के बीच पहले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच के रूप में वाटलिंग का पूरा कार्यकाल भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद शुरू होगा। ऐसे में भारत के खिलाफ टेस्ट मुकाबले रॉन्ची के कार्यकाल का अंतिम चरण और वाटलिंग के नए दौर की शुरुआत से पहले का संक्रमण काल होंगे।