Mallikarjun Kharge Patna Program News : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आज भारी हंगामा देखने को मिला। स्थिति तब बिगड़ गई, जब सभा में मौजूद एक शख्स ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। इस बात पर खरगे भड़क गए और उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, मोदी का बाप भी जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी की आदत झूठ बोलने की है। इस बयान के बाद वहां जबरदस्त बवाल और हाथापाई जैसी स्थिति बन गई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता उस व्यक्ति की तरफ झपटते और पीटते हुए नजर आए। इसके बावजूद खरगे भाषण जारी रखे। यह पूरा वाकया पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्री बाबू) की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुआ।
PM, BJP, RSS पर हमला
खरगे ने पीएम मोदी, BJP, RSS और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, उन्हें इसका बहुत दुख है कि नीतीश जैसे बड़े समाजवादी नेता ने आज उनके साथ हाथ मिला लिया है, जो RSS की विचारधारा को मानते हैं। खरगे ने दावा किया कि जब तक आरएसएस की विचारधारा खत्म नहीं हो जाती, तब तक देश में शांति नहीं आ सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा देश में फूट डालने का काम कर रही है और समाज को बांट रही है।
मतदाता सूची और चुनावों को लेकर बड़ा बयान
रविवार के इस कार्यक्रम में खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों को आजादी की दूसरी लड़ाई की संज्ञा दी। उन्होंने मांग की कि इस प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए, पिछले दो साल में हुए सभी विधानसभा चुनावों को रद्द किया जाए और भविष्य के सभी चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाएं। उनका आरोप है कि बंगाल, हरियाणा, बिहार, महाराष्ट्र में सरकारों को वोट चोरी से हथियाया है, जिन्हें हटाया जाए। उन्होंने जनता से सड़कों पर उतरकर अपने अधिकारों के लिए लड़ने और संविधान की रक्षा करने की अपील की। साथ ही कहा कि हम वे लोग हैं जो एकता, समानता और संविधान में विश्वास रखते हैं, न कि बीजेपी नेताओं की तरह सियासी फायदे के लिए अपनों को बांटने वाले।
नीतीश कुमार और समाजवाद पर कटाक्ष
बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री बाबू को श्रद्धांजलि देते हुए खरगे ने कहा कि उन्होंने आधुनिक बिहार की नींव रखी थी, जिन्होंने शिक्षा, कृषि, उद्योग और सिंचाई के क्षेत्र में कई बड़े संस्थानों का निर्माण किया था। नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे कभी राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे महान समाजवादी नेताओं के साथ खड़े हुआ करते थे, लेकिन आज वे बीजेपी की गोद में जाकर बैठ गए हैं। उनके पुराने समाजवादी आदर्शों और आज के राजनीतिक गठबंधन में जमीन-आसमान का फर्क है।
छुआछूत, राहुल गांधी की एफआईआर और राम मंदिर चंदे पर बयान
खरगे ने देश में छुआछूत को बढ़ावा देने वालों और 'शुद्धिकरण' जैसी कुप्रथाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर भेदभाव करना इंसानियत और समानता के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि धर्म के नाम पर होने वाले भेदभाद के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी आस्था पर पूरा गर्व है और उनका खुद का नाम बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक से जुड़ा है। उन्होंने जोर दिया कि दलितों को देश के हर मंदिर में बिना किसी रोक-टोक के प्रवेश करने और पूजा करने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में हुई कथित शुद्धिकरण की घटना और उन पर दर्ज हुई एफआईआर की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इससे यह साफ सवाल उठता है कि जो लोग समाज की पुरानी और दबी-कुचली व्यवस्था (स्टेटस को) को चुनौती देते हैं, उनके लिए इस समाज में कितनी जगह बची है। अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर मिलने वाले चंदे के विवाद पर बीजेपी को घेरते हुए खरगे ने कहा, मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि वे अपनी आंखें खोलें और उन लोगों को कड़ी सजा दें, जिन्होंने उनके पवित्र नाम पर जमकर धन लूटा है।