India VS New Zealand 3rd T20I Match : भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में आज धमाकेदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। मैच से पहले हर किसी की नजरें युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी थीं। मगर, जब मैदान पर खेल शुरू हुआ तो पूरा रुख अभिषेक शर्मा ने पलटकर रख दिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी कर 198 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरे तो उन्होंने कीवी गेंदबाजों की क्लास ली। किसी भी बॉलर को नहीं बख्शा। दोनों ओपनरों ने मैदान के चारों तरफ तगड़े शॉट खेले। अभिषेक शर्मा ने तो 15 गेंदों पर ही फिफ्टी पूरी कर ली। वैभव सूर्यवंशी ने भी उनका पूरा साथ देते हुए ताबड़तोड़ रन बटोरे। दोनों की तूफानी ओपनिंग साझेदारी के दम पर भारत ने 5 ओवर के भीतर ही स्कोर बोर्ड पर 100 रन से ज्यादा टांग दिए। टी-20 क्रिकेट इतिहास में यह सबसे तेज सौ रन जोड़ने का करिश्मा है।
अभिषेक का तूफानी शतक और वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की झड़ी
अभिषेक शर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपनी आक्रामक पारी को जारी रख महज 35 गेंदों के भीतर शानदार शतक ठोक दिया। T-20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अभिषेक के बल्ले से निकला यह चौथा शतक है। इसके बाद भारतीय ओपनर्स ने मिलकर पावरप्ले के दौरान बिना कोई विकेट गंवाए 118 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया, जो T-20 क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। अभिषेक और वैभव की खतरनाक जोड़ी ने सिर्फ 43 गेंदों पर 133 रन क कूट डाले। सूर्यवंशी ने भी केवल 19 गेंदों का सामना कर 45 रन बनाए। हालांकि, इसके बाद श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन खास कमाल नहीं कर पाए। दोनों जल्दी पवेलियन लौट गए। पारी को तिलक वर्मा और नमन धीर ने संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। भारत ने 13.2 ओवर में ही 4 विकेट पर 199 रन बना लिए। इस तरह न्यूजीलैंड को 4 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाकर दो मैच बाकी रहते ही सीरीज अपने नाम कर ली है।
युवराज सिंह का मजेदार सोशल मीडिया पोस्ट
मैच के बाद पूर्व भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा की इस पारी पर चुटकी लेते हुए सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट शेयर किया। युवराज ने लिखा -तुम अब भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते, है ना अभिषेक शर्मा? उन्होंने लिखा कि ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने घर के मैदान पर खेल रहे हों। मुकाबला खत्म होने के बाद युवराज ने दो अलग-अलग पोस्ट कर अभिषेक व वैभव दोनों की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा-30 या 34 गेंदों पर शतक जड़ने का कारनामा तो उन्होंने अपने कॅरियर में कभी नहीं किया। युवराज ने अभिषेक को उनकी इस ऐतिहासिक पारी के लिए बधाई दी और एक मजाकिया टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने इस दौरान सिंगल रन भी लिए। युवराज ने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि अभिषेक आमतौर पर मैदान पर लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए पहचाने जाते हैं। युवराज ने वैभव और अभिषेक की इस ओपनिंग जोड़ी को बेहद खतरनाक करार दिया और नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे संजू सैमसन की तारीफ करते हुए उन्हें सच्चा टीम मैन बताया।
12 गेंदों में फिफ्टी बनाना आसान नहीं: अभिषेक शर्मा
मैच के बाद बात करते हुए अभिषेक शर्मा ने स्वीकार किया कि महज 12 गेंदों में अर्धशतक ठोकना कोई आसान काम नहीं है और ऐसा कारनामा कभी-कभार ही देखने को मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैदान पर उतरने वाले बल्लेबाज किसी भी रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोचते, बल्कि उनका एकमात्र मकसद अपनी टीम को मैच जिताना होता है। वैभव के साथ साझेदारी पर उन्होंने बताया कि दोनों का सीधा प्लान पावरप्ले के दौरान खुलकर और बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी करने का था। इस रणनीति के तहत दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवरों में बिना विकेट खोए 118 रन जोड़े, जो पुरुष T-20 इंटरनेशनल के पावरप्ले का आज तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
T-20 में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड युवराज के नाम
T-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड आज भी पूर्व दिग्गज युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 12 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। उसी ऐतिहासिक मुकाबले में युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए थे। वैसे, सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में 14 गेंदों के साथ अभिषेक शर्मा दूसरे पायदान पर काबिज हैं।