CJP News : राजधानी दिल्ली में फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख नेता सौरव दास को दिल्ली पुलिस ने दोबारा हिरासत में ले लिया है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP के अन्य कार्यकर्ता जंतर-मंतर के समीप स्थित JDU कार्यालय के परिसर के रास्ते अंदर दाखिल हुए और बाउंड्री गेट को फांदकर जंतर-मंतर के एक हिस्से में पहुंच गए। इस हरकत को देखते ही तैनात पुलिस बल ने सभी को पकड़ लिया। इस घटनाक्रम में दिल्ली पुलिस मुकदमा (FIR) दर्ज करने की तैयारी कर रही।

रांका ने सोशल मीडिया पर वीडियो किया शेयर

पुलिस हिरासत से पहले आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में कार्यकर्ता भारत माता की जय के बुलंद नारे लगाते हुए नजर आ रहे। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। ध्यान देने वाली बात है कि इससे पूर्व भी शनिवार को दिल्ली पुलिस ने CJP के 3 प्रमुख सदस्यों-अभिजीत दिपके, सौरव दास, आशुतोष रांका को गिरफ्तार किया था। ये सभी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर एक विशाल विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए उन्हें प्लेन से उतरते ही हिरासत में ले लिया था।

जंतर-मंतर को धरना स्थल से हटाया गया

इसी बीच जंतर-मंतर पर होने वाले आंदोलनों को लेकर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया था। नए आदेश के तहत अब जंतर-मंतर पर किसी भी प्रकार का धरना या प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा कारणों और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है। विरोध-प्रदर्शनों के लिए प्रशासन ने तीन वैकल्पिक जगहें तय की हैं, जिनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड शामिल हैं। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन पूरी तरह बंद किए जाने के इस फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट आज सुनवाई करेगा। अदालत ने सोमवार को इस याचिका के साथ प्रदर्शन के दौरान बाहरी तत्वों के घुसने और आंदोलनकारियों को तंग किए जाने के आरोपों से जुड़ी एक अन्य याचिका पर भी आज ही सुनवाई करने की मंजूरी दी थी।