Bank Strike Date : आपके पास आज बैंक से संबंधित कोई अहम काम निपटाने की योजना है तो आपके लिए अच्छी खबर है। 28 सितंबर से होने वाली तीन दिन की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप देशभर की सभी बैंक शाखाएं सोमवार से सामान्य दिनों की तरह काम करेंगी और ग्राहकों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह निर्णय रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच आयोजित लंबी बैठक के दौरान लिया गया। अब वार्ता पर ठोस कदम उठाए नहीं जाने पर 26 अक्टूबर से हड़ताल होने की आशंका है।

रविवार रात बैठक में 5-डे वर्किंग पर की गई चर्चा

रविवार रात साढ़े नौ बजे आरंभ हुई उच्चस्तरीय वार्ता में बैंक कर्मियों की वर्षों पुरानी 5-डे वर्किंग वीक की मांग पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के महासचिव सीएच वेंकटचलम के अनुसार प्रति सप्ताह केवल 5 दिन काम करने की व्यवस्था को अमल में लाने के उद्देश्य से एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय हुआ है। इस समिति में बैंक प्रबंधन और कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे, जो बैंक ग्राहकों तथा अन्य सभी हितधारकों की जरूरतों को ध्यान में रख सर्वसम्मत समाधान तलाशेंगे।

संशोधित प्रस्ताव जल्द सरकार को भेजा जाएगा

साथ ही स्केल-4 तथा उससे उच्चाधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिन्क्ड इंसेंटिव (PLI) योजना से जुड़ी असहमतियों को दूर करने पर भी सहमति बन गई है। आईबीए ने आश्वस्त किया है कि यूनियनों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों के आधार पर संशोधित प्रस्ताव शीघ्र ही केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त 8 मार्च 2024 की वार्ता के शेष रहे लंबित विषयों पर भी द्विपक्षीय चर्चा का दौर निरंतर जारी रहेगा।

वार्ता विफल रही तो 26 अक्टूबर से ठप हो सकता है काम

यद्यपि 28 से 30 सितंबर तक का कार्य बहिष्कार टाल दिया गया है, मगर कर्मचारी यूनियनों का कड़ा रुख कायम है। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि नई समिति और सरकार के साथ होने वाली आगामी बैठकों में मांगों का कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकलता है तो 26 अक्टूबर से देशभर के बैंकों में हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। वर्तमान में आगे की कार्रवाई का दारोमदार नवगठित समिति और शासन के निर्णयों पर टिका है।