भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अपने बल्ले से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेलते हुए अभिषेक ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेजी से 2000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया और भारतीय क्रिकेट में अपनी खास पहचान को और मजबूत किया।

1024 गेंदों में पूरे किए 2000 रन

अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में अपने 2000 रन केवल 1024 गेंदों का सामना करते हुए पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 1164 गेंदों में इस आंकड़े को छुआ था। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज एरॉन फिंच 1283 गेंदों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अभिषेक की यह उपलब्धि उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज को दर्शाती है। वह शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने और कम गेंदों में तेजी से रन जुटाने के लिए जाने जाते हैं।

टी20 में 2000 रन बनाने वाले छठे भारतीय बने

इस मुकाबले में 2000 रन का आंकड़ा पार करने के साथ अभिषेक भारत के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल की है। उनसे पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और केएल राहुल इस खास उपलब्धि को अपने नाम कर चुके हैं। इस सूची में भारतीय बल्लेबाजों में रोहित शर्मा 4,231 रनों के साथ शीर्ष पर काबिज हैं, जबकि विराट कोहली 4,188 रनों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। सूर्यकुमार यादव 3272 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हार्दिक पांड्या और केएल राहुल भी 2000 से अधिक रन बना चुके हैं।

18 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

वेस्टइंडीज के खिलाफ अभिषेक का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने केवल 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 30 गेंदों पर 69 रन की आक्रामक पारी खेली। उनकी इस पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। तेज बल्लेबाजी के दम पर अभिषेक ने मुकाबले में भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी वह संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक

इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक सबसे आगे हैं, जिन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। टिम डेविड ने 16 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि डेविड वॉर्नर, कॉलिन मुनरो और अभिषेक शर्मा ने 18-18 गेंदों में अर्धशतक लगाया है। अभिषेक की इस पारी ने एक बार फिर दिखाया कि वह टी20 प्रारूप में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। लगातार रिकॉर्ड बना रहे इस युवा बल्लेबाज से भारतीय टीम को आने वाले मुकाबलों में भी बड़ी उम्मीदें रहेंगी।