Delhi CJP Protest: रविवार को दिल्ली पुलिस की हिरासत से रिहा होने के कुछ ही घंटों बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) अपनी दादी के निधन के बाद महाराष्ट्र स्थित अपने गांव के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका संगठन अपना आंदोलन जारी रखेगा।
दीपके ने एक्स पर लिखा कि वह दुख के समय में अपने परिवार के साथ रहने के लिए गांव लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि CJP के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका जल्द ही दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दीपके ने कहा कि उनका संगठन न तो पीछे हटेगा और न ही डरेगा।
सौरव दास और आशुतोष रांका भी रिहा
CJP के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को भी रविवार को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने के बाद रिहा कर दिया गया। दोनों को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर अभिजीत दीपके के साथ हिरासत में लिया गया था। वे जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक, तीनों नेताओं को इस शर्त पर रिहा किया गया कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे। रिहाई के बाद दीपके ने एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए पोस्ट भी किया।
हिरासत में लिए गए थे हजारों लोग
शनिवार को CJP के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस दौरान 7,000 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग जगहों पर हिरासत में लिया गया। इसके चलते वे जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके। CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।