ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली, लेकिन आखिरी मुकाबले में मेजबान टीम ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो वनडे क्रिकेट में बेहद खास है। हरारे में खेले गए तीसरे मैच में जिम्बाब्वे को भले ही एक विकेट से हार मिली, लेकिन उसकी प्लेइंग इलेवन क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो गई।

चार 40 साल से ज्यादा उम्र के खिलाड़ी एक साथ मैदान पर

जिम्बाब्वे की प्लेयिंग इलेवन में चार ऐसे खिलाड़ी शामिल थे, जिनकी उम्र 40 साल से अधिक थी। इस मुकाबले के साथ जिम्बाब्वे किसी टेस्ट खेलने वाले देश की पहली ऐसी टीम बन गई, जिसने वनडे में एक ही मैच के दौरान चार 40+ उम्र के खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा। इससे पहले इसी सीरीज के शुरुआती मुकाबले में भी जिम्बाब्वे ने रिकॉर्ड बनाया था। वह वनडे में तीन 40 साल से ज्यादा उम्र वाले खिलाड़ियों को एक साथ खिलाने वाली पहली फुल मेंबर टीम बनी थी।

ग्रेम क्रीमर की लंबे समय बाद वापसी

इस ऐतिहासिक प्लेइंग इलेवन में ग्रेम क्रीमर की वापसी भी खास रही। 40 वर्षीय ऑलराउंडर ने अपने जन्मदिन के अगले ही दिन जिम्बाब्वे के लिए वनडे मैच खेला। वह करीब आठ साल बाद इस फॉर्मेट में राष्ट्रीय टीम की जर्सी में नजर आए। इससे पहले उन्होंने 2018 में यूएई के खिलाफ अपना पिछला वनडे खेला था।

ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद से पहले जीता मैच

मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन बनाए। कप्तान सिकंदर रजा ने 81 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत आसान नहीं रही, लेकिन जोश इंग्लिस के 103 रन ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी समय तक संघर्ष करना पड़ा। नाथन एलिस ने 44 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए और अंतिम विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी कर टीम को एक विकेट से जीत दिला दी। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया।

जिम्बाब्वे ने 40 साल से ज्यादा उम्र के चार खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा:

  1. क्रेग एर्विन — 41 साल 32 दिन
  2. ग्रेम क्रेमर — 41 साल 1 दिन
  3. ब्रेंडन टेलर — 40 साल 226 दिन
  4. सिकंदर रज़ा — 40 साल 149 दिन