टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह 'धूम मचाओ धूम', 'बंधन साथ जनमों का' और 'बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा' जैसे टीवी शोज में नजर आ चुके थे। उनके अचानक चले जाने से परिवार, दोस्त और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग सदमे में हैं। अनुज के करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उनके निधन की जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज का निधन 27 अक्टूबर को हुआ था। बताया गया है कि सोते समय उन्हें दौरा पड़ा था। हालांकि, मौत की वजह से जुड़ी यह जानकारी उनके परिवार की ओर से रूपेश सोनार को दी गई थी।
सुबह 4:30 बजे अलार्म बजा, लेकिन नहीं उठे अनुज
रूपेश सोनार ने 'टाइम्स ऑफ इंडिया' से बातचीत में बताया कि अनुज रोज सुबह करीब 4:30 बजे उठते थे। वह फिटनेस को लेकर काफी सजग थे और अपनी दिनचर्या में जॉगिंग और व्यायाम को शामिल रखते थे। लेकिन घटना वाले दिन उनका अलार्म बजने के बावजूद वह नहीं उठे। जब उनकी मां उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं, तो वह मृत अवस्था में मिले। रूपेश के मुताबिक, परिवार ने उन्हें बताया कि रात में सोते समय अनुज को दौरा पड़ा था और इसी दौरान उनका निधन हो गया।
मौत से 10 दिन पहले दोस्त से हुई थी मुलाकात
रूपेश सोनार ने बताया कि उन्हें 30 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे एक परिचित का फोन आया, जिसके जरिए अनुज के निधन की खबर मिली। शुरुआत में उन्हें इस पर विश्वास नहीं हुआ, क्योंकि उनकी मुलाकात अभिनेता से महज 10 दिन पहले हुई थी। रूपेश के मुताबिक, उस मुलाकात में अनुज काफी उत्साहित थे और अभिनय की दुनिया में दोबारा वापसी करने की योजना बना रहे थे। दोनों ने भविष्य में कुछ नए प्रोजेक्ट्स पर साथ काम करने की बात भी की थी। रूपेश ने बताया कि वह अनुज को साल 2008 से जानते थे और दोनों ने कई टीवी शोज में साथ काम किया था।
'बंधन साथ जनमों का' से शुरू हुआ था सफर
अनुज ठाकुर ने अपने करियर में कई टेलीविजन धारावाहिकों में काम किया। उन्हें 'धूम मचाओ धूम', 'बंधन साथ जनमों का', 'बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा' और 'महिसागर' जैसे शोज में देखा गया था। रूपेश सोनार ने अपने भावुक संदेश में अनुज को दोस्त से बढ़कर छोटा भाई बताया। उन्होंने लिखा कि अनुज के साथ कई योजनाएं और प्रोजेक्ट्स जुड़े थे, लेकिन उनके अचानक चले जाने से सब अधूरा रह गया। रूपेश ने उन्हें खुशमिजाज, मददगार और सभी का सम्मान करने वाला इंसान बताया।
टीवी कलाकारों ने भी जताया दुख
अनुज के निधन की खबर सामने आने के बाद टीवी जगत से जुड़े कलाकारों ने भी शोक जताया। अभिनेता वकार शेख ने उन्हें शुरुआती दिनों से जानने की बात कहते हुए श्रद्धांजलि दी। वहीं, 'बिग बॉस 18' में नजर आईं यामिनी मल्होत्रा ने भी इस खबर पर हैरानी और दुख व्यक्त किया। अनुज के अचानक निधन से उनके परिवार और करीबियों को गहरा सदमा पहुंचा है। दोस्त रूपेश सोनार के मुताबिक, अभिनेता अपने करियर में वापसी को लेकर उत्साहित थे और आगे कई योजनाओं पर काम करना चाहते थे।