भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरते ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। स्मृति मंधाना ने महिला T20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने की लिस्ट में अपना नाम सबसे ऊपर दर्ज कर दिया है। उन्होंने न्यूजीलैंड की स्टार बल्लेबाज सुजी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
नागोया में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में मंधाना ने 19 गेंदों पर 37 रन की तेज पारी खेली। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। अपनी पारी के दौरान जरूरी रन बनाते ही उन्होंने बेट्स को पीछे छोड़ दिया। ICC के अनुसार, मंधाना के नाम अब महिला T20I में 4,788 रन दर्ज हैं, जबकि बेट्स 4,758 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
तीसरे ओवर में हासिल किया बड़ा मुकाम
मंधाना को सुजी बेट्स का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए महज सात रन की जरूरत थी। भारतीय पारी के तीसरे ओवर में एक बाउंड्री लगाते ही उन्होंने यह आंकड़ा पार कर लिया। इसके साथ ही मंधाना ने महिला T20I क्रिकेट के रन चार्ट में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। मंधाना के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार अपनी जगह मजबूत की है। 2013 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली भारतीय बल्लेबाज अब महिला क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल रनों के मामले में भी शीर्ष पर हैं।
शैफाली वर्मा ने भी किया कमाल
बांग्लादेश के खिलाफ इसी मुकाबले में भारत की दूसरी ओपनर शैफाली वर्मा ने भी यादगार पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में अपना पहला T20I शतक पूरा किया। शैफाली 100 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी पारी में तीन चौके और नौ छक्के शामिल रहे। भारत ने शैफाली की शतकीय पारी और मंधाना की तेज शुरुआत के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 114 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
अब श्रीलंका से होगा गोल्ड मेडल मुकाबला
सेमीफाइनल में बड़ी जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब भारतीय टीम की नजरें स्वर्ण पदक पर हैं और मंधाना के ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बाद टीम के लिए यह मुकाबला और भी खास बन गया है।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन
स्मृति मंधाना — 4,788 रन
सूजी बेट्स — 4,758 रन
हरमनप्रीत कौर — 4,287 रन
चमारी अटापट्टू — 4,282 रन
सोफी डिवाइन — 3,817 रन