गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। मुकाबला पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने निर्धारित 50 ओवर में 405/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को भी आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 223 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि ओपनर रोहित शर्मा ने भी 101 रन ठोककर टीम को मजबूत शुरुआत दी। भारत ने 43.3 ओवर में ही 406/2 बनाकर मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। 

वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। जॉन कैंपबेल ने 101, शाई होप ने 104 और आमिर जंगू ने 114 रन की शानदार पारियां खेलीं। तीनों बल्लेबाजों के शतकों की मदद से वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 405/7 का स्कोर खड़ा किया। यह उसका वनडे में सबसे बड़ा स्कोर रहा। खास बात यह रही कि वेस्टइंडीज की एक ही पारी में तीन बल्लेबाजों के शतक लगाने के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।

रोहित-गिल ने पहले ही तय कर दी मैच की दिशा

वेस्टइंडीज के दिए 406 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने भारतीय पारी शुरुआत तूफानी अंदाज में करते हुए 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 92 रन बना दिए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 255 रन जोड़कर वेस्टइंडीज की वापसी की उम्मीदों को शुरुआती दौर में ही कमजोर कर दिया। रोहित ने 75 गेंदों पर 101 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। रोहित के पवेलियन जाने के बाद भी गिल ने रन बनाने की रफ्तार कम नहीं होने दी।

गिल का दोहरा शतक, रिकॉर्ड्स की लगी झड़ी

शुभमन गिल ने 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन बनाए। उनकी पारी में 26 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 117 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा कर वनडे इतिहास का सबसे तेज 200 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम था, जिन्होंने 126 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था। गिल का यह वनडे में दूसरा दोहरा शतक है। वह रोहित शर्मा के बाद पुरुष वनडे क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी 223 रन की पारी सफल वनडे रन चेज में किसी बल्लेबाज की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी भी बन गई।

भारत का सबसे बड़ा सफल वनडे रन चेज

भारत ने 406 रनों के विशाल लक्ष्य को महज 43.3 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने शुरू से ही तेज रन गति बनाए रखी और वेस्टइंडीज को मैच में वापसी का कोई अवसर नहीं दिया। यह वनडे क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी सफल रन चेज है। इसके साथ ही पुरुष वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत 400 या उससे अधिक रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने वाली दूसरी टीम बन गई है। इससे पहले 2006 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 438 रनों का लक्ष्य हासिल कर यह कारनामा किया था।

एक मैच में बने 811 रन

गुवाहाटी का मुकाबला बल्लेबाजी के लिहाज से बेहद खास रहा। वेस्टइंडीज के 405 रन और भारत के 406 रन को मिलाकर मैच में कुल 811 रन बने। भारत की ओर से गिल के 223 और रोहित के 101 रन के अलावा विराट कोहली ने 29 रन बनाए, जबकि रुतुराज गायकवाड़ ने नाबाद 31 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

सीरीज पर भारत का कब्जा8 विकेट से इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। पहले वनडे में भी टीम इंडिया ने 8 विकेट से ही जीत दर्ज की थी। टीम इंडिया के इस प्रदर्शन से साफ जाहिर होता है भारतीय टॉप ऑर्डर काफी अच्छे ले में है और अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारियों के लिए टीम कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। फिर चाहे हो बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। गुवाहाटी में वेस्टइंडीज ने 405 रन बनाकर मजबूत चुनौती पेश की थी, लेकिन गिल के दोहरे शतक और रोहित के शतक के सामने यह स्कोर भी छोटा पड़ गया। भारत ने 39 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11:

भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा

वेस्टइंडीज: जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), आमिर जांगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेस, कीमो पॉल, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जेडन सील्स और विटेल लॉज