यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक बार फिर निशाना बनाया। सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी के अनुसार, एयरपोर्ट के टर्मिनल-4 पर मिसाइल गिरने से आग लग गई। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत और 11 लोग घायल हो गए।

वहीं, सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम ने एयरपोर्ट के पास एक क्रूज मिसाइल को रोक दिया। पिछले पांच दिनों में एयरपोर्ट पर चार हमले होने की खबर है। लगातार हमलों के चलते अधिकारियों को एयरपोर्ट का संचालन रोकना पड़ा।

CCTV फुटेज में दिखा अफरा-तफरी का माहौल

एयरपोर्ट पर हुए हमले का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फुटेज में उमराह करने आए यात्री अपनी उड़ान का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अचानक तेज नारंगी रोशनी चमकती है और यात्री अपनी जान बचाने के लिए भागने लगते हैं। वीडियो में छत के कुछ हिस्से गिरते हुए भी दिखाई देते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे एक दिन पहले हुए एक अन्य घातक हमले में एक भारतीय समेत 13 लोगों की मौत हुई थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

हूतियों ने और हमले करने की दी धमकी

ईरान समर्थित हूती विद्रोही समूह ने पिछले 24 घंटों में हुए कई हमलों की जिम्मेदारी ली है। इनमें दम्मम एयरपोर्ट पर किया गया हमला भी शामिल है। समूह ने धमकी दी है कि वह सऊदी अरब के प्रमुख ट्रांजिट केंद्रों को आगे भी निशाना बनाता रहेगा।

हूती विरोधी गठबंधन ने इन हमलों को युद्ध अपराध बताते हुए कड़ी जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है। दूसरी ओर, हूती संचालित अल-मसीराह टीवी चैनल ने यमन की राजधानी सना के एयरपोर्ट पर दोबारा हमले का आरोप सऊदी अरब पर लगाया है। सऊदी अरब ने इन आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

दूतावासों ने जारी की चेतावनी

लगातार बिगड़ते हालात के बीच कई एयरलाइंस ने सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स के लिए अपनी उड़ानें रोक दी हैं। भारत समेत कुछ देशों के दूतावासों ने भी अपने नागरिकों को इन एयरपोर्ट्स का इस्तेमाल करने से जुड़े जोखिमों के बारे में चेतावनी दी है।

सऊदी अरब लंबे समय से यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करता रहा है। हालिया हमलों से क्षेत्र में संघर्ष बढ़ने की आशंका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हूथियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल होने पर विचार करने की बात कही है।