लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने उनसे कई बार संपर्क करने की कोशिश की है। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल ने कहा कि उन्हें ज्ञानेश कुमार के मैसेज आते हैं।
राहुल गांधी से जब पूछा गया कि क्या मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से उन्हें कोई संदेश मिला है, तो उन्होंने कहा, “मैसेज आते हैं और वह यह प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं।” राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार मुख्य अपराधी नहीं हैं, बल्कि उनसे गड़बड़ी कराई जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ज्ञानेश कुमार ने किस माध्यम से उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी।
राहुल ने की मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को हटाया नहीं जाता, चुनाव प्रणाली में सुधार नहीं होता और न्याय नहीं मिलता, तब तक विपक्ष का विरोध जारी रहेगा।
200 सरकारी अधिकारियों के संपर्क में होने का दावा
राहुल गांधी ने दावा किया कि करीब 200 सरकारी अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उसे जानकारी दे रहे हैं। उनके मुताबिक, इनमें प्रवर्तन निदेशालय (ED), सीबीआई और विदेश मंत्रालय के अफसर भी शामिल हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार गलत काम करने वालों को बचाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचा रही है और विपक्ष के पास उनके आचरण से जुड़ी जानकारी है। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और उद्योगपति गौतम अडानी के दबाव में काम कर रहे हैं।